Shimla News: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए वीरवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। राज्य की 1276 ग्राम पंचायतों में लाखों मतदाता गांव की नई सरकार चुनने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। सुबह से ही कई केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं और ग्रामीण इलाकों में उत्साह साफ नजर आया।
मतदान शुरू होते ही बुजुर्ग, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचे। चुनाव प्रक्रिया दोपहर तीन बजे तक चलेगी। प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
मौसम अलर्ट के बीच जारी मतदान प्रक्रिया
प्रदेश में सुबह से मौसम साफ बना हुआ है और तेज धूप खिली हुई है। हालांकि मौसम विभाग ने कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। प्रशासन ने लोगों और मतदान कर्मियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे चरण में कुल 17 लाख 30 हजार 30 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 8 लाख 74 हजार 416 पुरुष, 8 लाख 55 हजार 597 महिला और 17 अन्य मतदाता शामिल हैं। सबसे अधिक मतदाता कांगड़ा जिले में हैं, जबकि सबसे कम मतदाता लाहौल-स्पीति जिले में दर्ज किए गए हैं।
प्रदेशभर में बनाए गए सात हजार मतदान केंद्र
चुनाव प्रक्रिया के लिए राज्यभर में करीब सात हजार मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मंडी जिले में 2 लाख 72 हजार 181 मतदाता वोट डालेंगे। वहीं शिमला जिले में 1 लाख 74 हजार 514 मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित पंचायतों में मतगणना भी शुरू कर दी जाएगी।
देर रात तक प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के परिणाम आने शुरू हो जाएंगे। पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव की मतगणना 31 मई को होगी। निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
पहले चरण की गड़बड़ियों पर आयोग सख्त
पहले चरण के चुनाव में सामने आई गड़बड़ियों पर भी राज्य निर्वाचन आयोग ने कार्रवाई की है। चंबा जिले की ग्राम पंचायत समवाल के वार्ड नंबर-2 में मतदान स्थगित कर दिया गया है। यहां पीठासीन अधिकारी ने नियमों का पालन किए बिना कुछ मतदाताओं को साथी के साथ मतदान की अनुमति दे दी थी।
आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए यहां 30 मई को दोबारा मतदान करवाने का फैसला लिया है। वहीं सिरमौर जिले की ग्राम पंचायत बनाह-धीनी में मतपेटियां बदलने का मामला भी सामने आया था। बाद में पुलिस सुरक्षा के बीच वहां मतगणना पूरी करवाई गई। पहले चरण में 78.90 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।
Author: Sunita Gupta

