मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर बीजेपी का बड़ा प्लान, देशभर में चलेगा जनसंपर्क और उपलब्धियों का अभियान

Delhi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर बीजेपी देशभर में बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाएगी। पार्टी सरकार की उपलब्धियों और विकसित भारत 2047 के विजन को जनता तक पहुंचाने की तैयारी में जुटी है। इस अभियान में केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और एनडीए के सहयोगी दल भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसी आधार पर बीजेपी ने केंद्र में मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने का कार्यक्रम तय किया है। हालांकि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की शुरुआत 10 जून 2024 को शपथ ग्रहण के साथ हुई थी, जिसे पार्टी ‘मोदी 3.0’ के रूप में प्रचारित कर रही है।

बीजेपी मुख्यालय से अभियान की होगी शुरुआत

बीजेपी इस मौके को राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर बड़े अभियान में बदलने की तैयारी कर रही है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके जरिए मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, योजनाओं और बीते 12 वर्षों में लिए गए बड़े फैसलों को जनता के सामने रखा जाएगा। पार्टी इसे व्यापक जनसंवाद अभियान के रूप में पेश करेगी।

बीजेपी नेतृत्व ने सभी केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को अलग-अलग राज्यों में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी सेमिनार, प्रेस कॉन्फ्रेंस और बुद्धिजीवियों के साथ संवाद कार्यक्रम करेगी। इसके जरिए सरकार की योजनाओं, बुनियादी ढांचे, अर्थव्यवस्था और कल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाया जाएगा।

10 जून को दिल्ली में होगी अहम बैठक

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर अगले महीने 10 जून को दिल्ली में बड़ी बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।

बैठक में मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर औपचारिक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। साथ ही आगामी राजनीतिक रणनीति और जनसंपर्क कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी। बीजेपी इस अभियान के जरिए लोकसभा चुनाव के बाद संगठन को और मजबूत करने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दे रही है।

वर्चुअल बैठक में तैयार किया गया पूरा रोडमैप

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को सभी बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और पार्टी महासचिवों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान कार्यक्रमों की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान और मीडिया रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी नेताओं को निर्देश दिया गया कि अभियान को हर जिले और मंडल स्तर तक पहुंचाया जाए।

Author: Harikarishan Sharma

Hot this week

Related Articles

Popular Categories