India News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश की महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में पास नहीं हो पाने पर सभी माताओं और बहनों से माफी मांगी। पीएम ने कहा कि महिलाओं के सपनों को कुचल दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और सपा जैसी पार्टियों पर विरोध करने का आरोप लगाया। पीएम ने विपक्षी दलों की राजनीति को स्वार्थी बताया और कहा कि वे महिला सशक्तिकरण नहीं चाहते।
पीएम मोदी ने नारी शक्ति से मांगी क्षमा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत देश की महिलाओं से माफी मांगकर की। उन्होंने कहा, “आज मैं अपनी बहनों और बेटियों से बात करने आया हूं।” पीएम ने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि नारी शक्ति की उड़ान कैसे रोक दी गई। उनके सपनों को कुचला गया। हर संभव प्रयास के बावजूद हम सफल नहीं हो पाए। नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में पास नहीं हो सका। इसके लिए वह सभी माताओं और बहनों से क्षमा प्रार्थी हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि बिल पास कराने के लिए 66 फीसदी वोट नहीं मिले। लेकिन देश की 100 फीसदी नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को खत्म किया जाएगा। पीएम ने कहा, “जो पार्टियां इसका विरोध कर रही हैं, वे महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में भागीदारी बढ़ाने से नहीं रोक पाएंगी।”
विपक्षी दलों पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों की स्वार्थी राजनीति ने देश की महिलाओं को नुकसान पहुंचाया है। इन्होंने विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देने के प्रयासों को विफल कर दिया। पीएम ने कहा कि विपक्ष ने महिला आरक्षण का विरोध करके पाप किया है। उन्हें इसकी सजा जरूर मिलेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें कांग्रेस से अपनी पिछली गलतियों को सुधारने की उम्मीद थी। लेकिन कांग्रेस ने नया इतिहास रचने का मौका गंवा दिया। परिवारवादी पार्टियां नहीं चाहतीं कि महिलाएं आगे बढ़ें। अगर महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो इनकी स्वार्थी राजनीति खत्म हो जाएगी। पीएम ने कांग्रेस पर उत्तर-दक्षिण विभाजन की झूठी बातें फैलाने का भी आरोप लगाया।
विधेयक का विरोध संविधान का अपमान
प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों ने विधेयक को हराकर संविधान का अपमान किया है। इस विधेयक का उद्देश्य किसी से कुछ छीने बिना महिला सशक्तिकरण को पंख देना था। पीएम ने कहा, “नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन समय की मांग है।” यह उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम में समान सशक्तिकरण सुनिश्चित करने का ईमानदार प्रयास है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने सदन में पूरे देश के सामने इसकी भ्रूण हत्या कर दी।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस खुद तो ज्यादातर विषयों में अपना वजूद खत्म कर चुकी है। अब वह परजीवी की तरह क्षेत्रीय दलों की पीठ पर सवार है। कांग्रेस खुद को जिंदा रखने की कोशिश कर रही है। लेकिन वह यह नहीं चाहती कि क्षेत्रीय दलों की ताकत बढ़े। पीएम ने कहा कि एक महिला सब कुछ भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान नहीं भूलती।
पीएम बोले- देश की महिलाएं हैं दुखी, हमारा प्रयास जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं जानता हूं कि आज देश की माताएं, बहनें और बेटियां दुखी हैं। मैं भी आपके इस दुख में दुखी हूं।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा किया गया यह अपमान हर महिला के दिल में हमेशा रहेगा। लेकिन हमारा प्रयास रुकेगा नहीं। हमारा प्रयास थमेगा नहीं। हमारा आत्मबल अजेय है। हमारे पास आगे भी और मौके आएंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्र निर्माण और देश के विकास के हर प्रयास का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि हर राज्य की शक्ति समान अनुपात में बढ़ाने की कोशिश थी। लेकिन इस ईमानदार प्रयास की कांग्रेस और उसके साथियों ने सदन में भ्रूण हत्या कर दी। पीएम ने कहा कि महिलाओं ने देखा है कि कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके जैसी पार्टियां महिला सशक्तिकरण के खिलाफ जश्न मना रही हैं। विपक्ष ने विधेयक को हराकर देश की आधी आबादी के साथ अन्याय किया है।


