ज्वालामुखी में सोशल मीडिया पोस्ट पर बवाल, समाजसेवी मुकेश कुमार पर FIR के बाद बढ़ी सियासी हलचल

Himachal Pradesh News: ज्वालामुखी में सोशल मीडिया पर डाली गई एक वीडियो को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय विधायक संजय रत्न की छवि खराब करने के आरोप में समाजसेवी मुकेश कुमार के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ताओं ने वीडियो को भड़काऊ और माहौल खराब करने वाला बताया है।

ज्वालामुखी थाना में नीरज शर्मा सहित कई लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मुकेश कुमार ने फेसबुक पर एडिटेड वीडियो अपलोड की। इससे विधायक संजय रत्न की छवि धूमिल हुई। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि वीडियो से समाज में तनाव और विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है।

पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज किया

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शिकायत मिलने के बाद ज्वालामुखी थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2), 356(2) और 356(3) के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच ASI योगेशदीप को सौंपी है। FIR की प्रतियां अदालत और वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मुकेश कुमार पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो साझा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। शिकायत में सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।

मुकेश कुमार ने FIR को बताया दबाव की कार्रवाई

समाजसेवी मुकेश कुमार ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वह कई वर्षों से ज्वालामुखी क्षेत्र में भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनके अनुसार यह पहली बार नहीं है जब उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई हो। उन्होंने दावा किया कि पहले दर्ज मामलों में कोई आरोप साबित नहीं हुआ।

मुकेश कुमार ने कहा कि ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कमी को लेकर वह लगातार सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की आवाज दबाने के लिए राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना है कि सच बोलने वालों को डराने के लिए ऐसे मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

विधायक समर्थकों पर भी लगाए गंभीर आरोप

मुकेश कुमार ने कहा कि उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने वाले कई लोग ठेकेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों को विधायक के माध्यम से बड़े सरकारी ठेके मिलते हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि मानहानि हुई है तो विधायक ने स्वयं शिकायत क्यों दर्ज नहीं करवाई।

समाजसेवी ने दावा किया कि उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 58 हजार से अधिक फॉलोअर हैं। उन्होंने कहा कि लोग उनके कामों को समर्थन देते हैं। मुकेश कुमार ने साफ कहा कि वह भविष्य में भी क्षेत्र में भ्रष्टाचार, अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे।

Author: Sunita Gupta

Hot this week

Related Articles

Popular Categories