Maharashtra News: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र से हल्दी का निर्यात अचानक रुक गया है। इसका मुख्य कारण अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच शुरू हुआ युद्ध है। युद्ध के चलते निर्यात रुकने से घरेलू बाजार में हल्दी की कीमतों में भारी गिरावट आई है। पिछले कुछ समय में हल्दी की कीमत 16,500 रुपये प्रति क्विंटल से गिरकर 13,000 रुपये प्रति क्विंटल रह गई है। किलो के हिसाब से 165 रुपये वाली हल्दी अब 130 रुपये किलो में मिल रही है।
निर्यात पर युद्ध का सीधा असर
शिवसेनाके एमएलसी हेमंत पाटिल ने बताया कि मराठवाड़ा में उगाई जाने वाली हल्दी खाड़ी और अफ्रीकी देशों में भेजी जाती है। हल्दी को कंटेनरों में पैक कर तमिलनाडु और केरल के रास्ते विदेशों में निर्यात किया जाता है। लेकिन पिछले महीने शुरू हुए युद्ध के कारण यह निर्यात पूरी तरह ठप हो गया है। पाटिल हिंगोली में स्थित ‘बालासाहेब ठाकरे हल्दी अनुसंधान और प्रशिक्षण केंद्र’ के प्रमुख भी हैं।
हिंगोली की ‘वासमत’ हल्दी को मिला GI टैग
मराठवाड़ामें हल्दी एक महत्वपूर्ण नकदी फसल है। खासतौर पर हिंगोली जिले में करीब 2 लाख हेक्टेयर जमीन पर हल्दी की खेती होती है। यहां उगाई जाने वाली ‘वासमत’ किस्म को 2024 में ‘भौगोलिक पहचान’ (GI) का दर्जा मिला है। GI दर्जा मिलने के बाद यह हल्दी और भी मूल्यवान मानी जाती है और निर्यात में इसका विशेष महत्व है। मराठवाड़ा के प्रमुख हल्दी उत्पादक जिले हिंगोली, नांदेड़, वर्धा, परभणी, यवतमाल और वाशिम हैं।
व्यापारियों की चिंता बढ़ी
हिंगोलीके हल्दी व्यापारी प्रकाश सोनी ने कहा कि युद्ध के कारण न केवल निर्यात रुक गया है, बल्कि घरेलू बाजार में कीमतों पर भी नकारात्मक असर पड़ा है। युद्ध शुरू होने से पहले हल्दी 16,500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही थी, लेकिन अब यह घटकर 13,000 रुपये प्रति क्विंटल रह गई है। व्यापारियों को आशंका है कि अगर युद्ध जारी रहा, तो कीमतें और भी गिर सकती हैं।
भारत का हल्दी निर्यात प्रभावित
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय केआंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में भारत ने कुल 34 करोड़ 15.4 लाख डॉलर मूल्य की हल्दी का निर्यात किया। इसमें अकेले महाराष्ट्र का योगदान 15 करोड़ 53.5 लाख डॉलर का रहा। भारत से हल्दी का निर्यात बांग्लादेश, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), अमेरिका, मलेशिया और मोरक्को जैसे देशों में किया जाता है। युद्ध जारी रहने से आने वाले समय में निर्यात और कीमतों पर और असर पड़ सकता है।


