Uttar Pradesh News: गाजियाबाद संभाग के चार जिलों में परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने एक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर कुल 2200 वाहनों के खिलाफ चालान और सीज की सख्त कार्रवाई की। इस अभियान से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
इन यातायात नियमों के उल्लंघन पर विभाग ने की बड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसा गया। इसके साथ ही ड्रंक एंड ड्राइविंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, फर्जी व धुंधली नंबर प्लेट और अनधिकृत पार्किंग समेत विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कड़ी कार्रवाई की गई।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. सियाराम वर्मा के नेतृत्व में यह अभियान गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर और हापुड़ में चलाया गया। जांच के दौरान सबसे अधिक 540 वाहनों का चालान ओवरस्पीडिंग के मामले में किया गया। परिवहन विभाग की इस मुस्तैदी से वाहन चालकों के बीच हड़कंप की स्थिति देखी गई।
नियमों के उल्लंघन का आंकड़ा और ड्राइविंग लाइसेंस पर एक्शन
कार्रवाई के तहत बिना हेलमेट के 426, अनधिकृत पार्किंग के 396 और गलत नंबर प्लेट के 202 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने पर 184, बिना रिफ्लेक्टर के 180, बिना सीट बेल्ट के 129, अनधिकृत बसों पर 85, मोबाइल प्रयोग पर 38 और ड्रंक एंड ड्राइविंग के 20 मामलों में कार्रवाई हुई।
कई मामलों में नियमों की गंभीर अनदेखी को देखते हुए वाहनों को सीज किया गया। इसके साथ ही दोषी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

