Lucknow News: डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों का दाखिला कार्यक्रम घोषित कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन नॉन-सीयूईटी (Non-CUET) के माध्यम से अंडर ग्रेजुएट कोर्स में सीधा प्रवेश देगा। इसके तहत बीए, बीकॉम और बीएससी सहित विभिन्न डिग्री पाठ्यक्रमों के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस विस्तृत दाखिला कार्यक्रम को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया है। इसके साथ ही पीएचडी (PhD) दाखिले के लिए बहुप्रतीक्षित वेटिंग लिस्ट भी जारी कर दी गई है। प्रवेश निदेशक प्रो. अनामिका चौधरी ने बताया कि दाखिले की पहली मेरिट सूची आगामी 6 जुलाई को जारी की जाएगी।
नौ जुलाई से शुरू होगी पहली काउंसिलिंग प्रक्रिया
पहली मेरिट सूची के चयनित छात्र-छात्राओं के दस्तावेजों का वेरिफिकेशन और फीस जमा करने की प्रक्रिया 9 से 11 जुलाई तक चलेगी। इसके बाद खाली सीटों के लिए दूसरी मेरिट सूची 13 जुलाई को आएगी। इन अभ्यर्थियों को 16 और 17 जुलाई को काउंसिलिंग के लिए यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंचना होगा।
इस पूरी प्रक्रिया के तहत बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए, बीकॉम-एलएलबी, बीवीए, बीफार्मा और डीफार्मा जैसे प्रोफेशनल कोर्स में दाखिला मिलेगा। डीन एकेडमिक प्रो. वीके सिंह ने बताया कि इस बार एडमिशन प्रोसेस को पूरी तरह पारदर्शी और डिजिटल बनाया गया है। छात्र अपने सभी ओरिजिनल डाक्यूमेंट्स लेकर तय समय पर पहुंचें।
लेट आने वाले कर्मचारियों पर लखनऊ यूनिवर्सिटी सख्त
दूसरी ओर, लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने ड्यूटी पर देर से आने वाले लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। रजिस्ट्रार ने सभी फैकल्टी डीन और विभागाध्यक्षों को पत्र लिखकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों से पिछले तीन महीनों का बायोमेट्रिक अटेंडेंस रिकॉर्ड मांगा है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ कर्मचारी ऑफिस देर से आते हैं और समय से पहले चले जाते हैं। रजिस्ट्रार के अनुसार, आगामी दो दिनों में अप्रैल से जून तक का पूरा अटेंडेंस डेटा कलेक्ट किया जाएगा। इस रिपोर्ट की समीक्षा के बाद दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।

