Lucknow News: पुराने लखनऊ के शास्त्री नगर इलाके में भीषण बिजली कटौती से गुस्साए सैकड़ों उपभोक्ताओं ने ऐशबाग सब-स्टेशन पर देर रात धावा बोल दिया। उग्र भीड़ ने वहां जमकर तोड़फोड़ की और सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। इस दौरान सब-स्टेशन ऑपरेटर के साथ मारपीट भी की गई, जिससे विभागीय कर्मचारियों में भारी डर का माहौल है।
यह घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की है। सब-स्टेशन पर तैनात सब-डिवीजनल ऑफिसर और जूनियर इंजीनियर ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। अधिकारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने गुस्साए उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने सड़क जाम करने के प्रयास को भी नाकाम कर दिया।
पावर ट्रांसफार्मर खराब होने से बढ़ी परेशानी
बिजली विभाग के इंजीनियरों ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ बाजार खाला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। एक्जीक्यूटिव इंजीनियर एके वर्मा ने बताया कि रात में लोड बढ़ने के कारण रोस्टिंग की जा रही थी। सब-स्टेशन का 10 एमवीए का एक मुख्य पावर ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया था, जिसे बदलने का काम चल रहा है।
विभाग के अनुसार, रविवार शाम तक नए ट्रांसफार्मर को लगाने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत 10 और 5 एमवीए के अन्य ट्रांसफार्मर से रोटेशन के आधार पर बिजली दी जा रही है। वहीं, स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि इस सब-स्टेशन के अंतर्गत बिजली की समस्या रोज की बात हो गई है।
मेंटेनेंस कार्य के दौरान फूटा जनता का गुस्सा
सुपरिटेंडेंट इंजीनियर केके चौधरी ने बताया कि रात करीब 11:40 बजे शास्त्री नगर फीडर को मरम्मत के लिए कुछ देर बंद किया गया था। तकनीकी टीम ने इसे 35 मिनट में ठीक कर दिया था। लेकिन इतनी ही देर में बड़ी संख्या में लोग कंट्रोल रूम में घुस गए और लॉग शीट फाड़ दी।
इस बड़े हंगामे के चलते इलाके में रात 12:20 बजे के बाद ही बिजली सप्लाई सामान्य हो सकी। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली जाने से पानी का संकट भी गहरा जाता है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं निकाल रहे हैं।
रानीगंज इलाके में भी घंटो ठप रही सप्लाई
ऐशबाग के अलावा रानीगंज इलाके में भी शुक्रवार रात 12 बजे से शनिवार सुबह 10 बजे तक बिजली संकट रहा। मुख्य केबल में फाल्ट आने के कारण यह बड़ी खराबी आई थी। इस तकनीकी फॉल्ट की वजह से क्षेत्र के लगभग 1200 घरों की बिजली पूरी तरह से गुल हो गई थी।
बिजली कर्मियों की मशक्कत के बाद सुबह 4:30 बजे आधे घरों में सप्लाई बहाल हो सकी। बाकी बचे हिस्से में सुबह 10 बजे बिजली आ पाई। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि घटिया केबल के कारण आए दिन फॉल्ट होता है, जिससे हजारों लोगों को उमस भरी गर्मी में बिना पानी और बिजली के रहना पड़ता है।

