Lucknow News: मड़ियांव में चार साल के बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

Lucknow News: लखनऊ के मड़ियांव इलाके में एक चार साल के मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना मड़ियांव के नौबस्ता इलाके की है, जहां शुक्रवार शाम बच्चा अचानक अचेत हो गया। मां पूनम आनन-फानन में उसे लोहिया संस्थान लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

- Advertisement -

अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी मड़ियांव पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। बच्चे की मां और पिता दोनों अलग-अलग बयान दे रहे हैं, जिससे मामला उलझ गया है।

पिता ने लगाया पत्नी पर हत्या का आरोप

मृतक बच्चे के पिता दिनेश कुमार ने अपनी पत्नी पूनम पर बेटे की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। दिनेश का कहना है कि उसने अस्पताल में बेटे का शव देखा था। उसके हाथ, पीठ और पेट पर चोट के गहरे निशान थे। दिनेश ने आशंका जताई है कि बच्चे की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी जान चली गई।

दिनेश ने बताया कि उसकी शादी 15 साल पहले पूनम से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। अनबन के कारण पूनम दिसंबर 2025 से अपने मायके चली गई थी। इस साल अप्रैल में पूनम ने चार साल के बेटे अहम को अपने साथ ले जाने की जिद की।

- Advertisement -

मां के बयानों में विरोधाभास, पुलिस जांच में जुटी

दिनेश के मुताबिक, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद उसने बेटे को पूनम के पास भेज दिया था। कुछ दिन बाद पूनम मड़ियांव के नौबस्ता में किराए का कमरा लेकर रहने लगी। दिनेश ने आरोप लगाया कि पूनम ने अस्पताल में बेटे की मौत की अलग-अलग वजहें बताईं। पहले उसने ऑटो से गिरने की बात कही, फिर बाथरूम में गिरने की जानकारी दी।

मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि बच्चे की मौत संदिग्ध है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। खबर लिखे जाने तक पिता दिनेश ने पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles