Mumbai News: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने तीन प्रसिद्ध ब्यूटी क्रीम को घटिया और असुरक्षित घोषित किया है। विभाग ने इन उत्पादों की बिक्री और इस्तेमाल पर तुरंत रोक लगा दी है। प्रयोगशाला की जांच में इन कॉस्मेटिक क्रीमों के भीतर पारा और सीसा जैसी जहरीली भारी धातुएं पाई गई हैं।
पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम समेत तीन बड़े ब्रांड्स पर कार्रवाई
सरकारी विश्लेषक की जांच में ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’, ‘फेस फ्रेश गोल्ड’ और ‘गोल्डन स्टार ब्यूटी क्रीम’ मानकों पर खरी नहीं उतरीं। मुंबई के चेंबूर इलाके में पुलिस ने एक दुकानदार पर आपराधिक मामला दर्ज किया है। इस स्टोर से आयात प्रतिबंध के बावजूद पाकिस्तानी ब्रांड की ‘गोरी क्रीम’ का अवैध स्टॉक बरामद किया गया है।
त्वचा और सेहत को गंभीर नुकसान की आशंका
प्रयोगशाला की रिपोर्ट के मुताबिक, इन कॉस्मेटिक उत्पादों में जहरीली धातुओं की मात्रा तय सीमा से बहुत अधिक है। डॉक्टरों के अनुसार, इनके लगातार उपयोग से त्वचा, किडनी और नर्वस सिस्टम को गंभीर नुकसान हो सकता है। इन पैकेटों पर निर्माता का पता, बैच नंबर और एक्सपायरी डेट जैसी जरूरी जानकारियां भी गायब थीं।
दुकानदारों को सख्त निर्देश और टोल-फ्री नंबर जारी
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सभी खुदरा विक्रेताओं, थोक व्यापारियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को इनका वितरण तुरंत रोकने का आदेश दिया है। कंपनियों को बाजार से पुराना स्टॉक वापस मंगाने को कहा गया है। विभाग ने जनता की शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-222-365 भी जारी किया है ताकि अवैध बिक्री रुक सके।

