Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में ‘दृश्यम’ फिल्म की तर्ज पर हुए एक खौफनाक हत्याकांड ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र में पति की बेरहमी से हत्या कर शव को अपने ही घर के बाथरूम में दफन करने वाली आरोपी पत्नी रूबी को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया है।
खीर में नींद की गोलियां मिलाकर दी मौत की नींद
पुलिस पूछताछ में रूबी ने कुबूल किया कि उसका पति सुरेंद्र कुमार शर्मा अक्सर शराब पीकर उसके और बेटियों के साथ मारपीट करता था। सत्रह मई की रात सुरेंद्र बाजार से मीट और शराब लेकर आया था। भोजन के बाद जब उसने मीठा मांगा, तो रूबी ने खीर में नींद की गोलियां मिलाकर उसे दे दीं, जिससे उसकी मौत हो गई।
सास और बेटियों को धोखे से भेजा जेठ के घर
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद रूबी ने सुबह अपनी सास और बेटियों को डराकर शाहगंज स्थित जेठ अनिल कुमार शर्मा के घर भेज दिया। उसने झूठ बोला कि पुलिस घर पर आने वाली है। परिजनों के जाते ही रूबी के पास शव को ठिकाने लगाने के लिए पर्याप्त समय मिल गया और उसने खौफनाक साजिश रची।
बाथरूम में खुदाई कर दफनाई लाश, मजदूरों से कराया फर्श
रूबी ने अकेले ही सुरेंद्र की लाश को घसीटकर बाथरूम में डाला और फावड़े से जमीन खोदी। उसने पड़ोस से चार सौ रुपये में आधी ट्रॉली मिट्टी मंगवाई और बाल्टी से भरकर लाश पर डाल दी। अगले दिन सुबह उसने चालाकी से मजदूरों को बुलाकर बाथरूम के फर्श पर सीमेंट और पक्का प्लास्टर करवा दिया।
सिपाही के आने और बेटियों के सवाल से खुली पोल
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जब एक दिन सिपाही घर पर सत्यापन के लिए आया, तो रूबी बुरी तरह घबरा गई। उधर, बेटियां भी अक्सर बाथरूम का फर्श ऊंचा होने और उसके चटकने पर सवाल पूछती थीं। रोज-रोज के डर और मानसिक तनाव से तंग आकर उसने आखिरकार अपनी सास के सामने सारा सच उगल दिया।
कंकाल का कराया गया पोस्टमार्टम, जल्द पेश होगी चार्जशीट
डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि बाथरूम की खुदाई के दौरान मिले कंकाल की पहचान सुरेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराकर वैज्ञानिक साक्ष्य के लिए डीएनए सैंपल सुरक्षित रख लिया है। पुलिस इस मामले में जल्द से जल्द अदालत में पुख्ता चार्जशीट दाखिल करेगी।

