नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के काटे गए 151 चालान

Gurugram News: नगर निगम गुरुग्राम ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सफाई अभियान में तेजी ला दी है। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा और मलबा फेंकने वाले लोगों के खिलाफ निगम ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। इसके तहत सभी संयुक्त आयुक्तों ने अपने-अपने जोन में औचक निरीक्षण कर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की है।

- Advertisement -

एक दिन में 151 चालान, 75 हजार से ज्यादा जुर्माना

नगर निगम द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान शुक्रवार को कुल 151 उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 75,500 रुपए का जुर्माना मौके पर ही वसूला गया। वहीं, निरीक्षण के दौरान संयुक्त आयुक्तों ने खुद 38 ऐसे लोगों और प्रतिष्ठानों के चालान काटे, जो गंदगी फैला रहे थे या डस्टबिन का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सभी संयुक्त आयुक्तों को नए निर्देश दिए हैं। अब प्रत्येक संयुक्त आयुक्त को अपने क्षेत्र में हर सप्ताह स्वयं निरीक्षण करना होगा और कम से कम 15 चालान खुद काटने होंगे। इस कवायद का मकसद लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और अधिक मजबूत करना है।

सीएंडडी वेस्ट और निर्माण स्थलों पर भी कड़ा पहरा

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि केवल कूड़ा फेंकने वालों पर ही नहीं, बल्कि सीएंडडी वेस्ट (निर्माण और विध्वंस अपशिष्ट) फैलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। जो भी निर्माण कार्य के दौरान जीआई शीट और ग्रीन कवर का उपयोग नहीं करेगा, उनके निर्माण स्थलों को नियमों के उल्लंघन में दंडित किया जाएगा।

- Advertisement -

अधिकारियों ने सभी नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चेतावनी देते हुए कहा है कि सार्वजनिक स्थानों को गंदा करने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने शहरवासियों से अपील की है कि वे कूड़ा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें, क्योंकि स्वच्छ और सुंदर गुरुग्राम के निर्माण में जन-भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles