Delhi News: देश की राजधानी में सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने एक बड़ा और कड़ा डिजिटल कदम उठाया है। सरकार ने दिल्ली की सड़कों पर दौड़ने वाले ई-रिक्शा को दूर से यानी रिमोट कंट्रोल के जरिए रोकने वाले दो खतरनाक चीनी मोबाइल ऐप्स को पूरी तरह बैन कर दिया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को तकनीकी जांच में बैट-बीएमएस (BAT-BMS) नाम के इन दो ऐप्स की संदिग्ध गतिविधियों का पता चला था। सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए सरकार ने तत्काल प्रभाव से इन्हें सभी प्रमुख ऐप स्टोर से हटाने का सख्त आदेश जारी कर दिया है।
साइबर सिक्योरिटी समिट में आईटी सेक्रेटरी ने की पुष्टि
इस बड़ी और कूटनीतिक कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि खुद इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी सेक्रेटरी एस. कृष्णन ने की है। उन्होंने सीआईआई (CII) साइबर सिक्योरिटी समिट के दौरान बताया कि सरकार को कल ही इन दोनों नुकसानदेह चीनी ऐप्स के बारे में इनपुट मिले थे, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई।
आईटी सेक्रेटरी एस. कृष्णन ने डिजिटल सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सभी वैश्विक ऐप स्टोर को भारत में अपनी सेवाएं देते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। सरकार इस गंभीर सुरक्षा मामले को सीधे उनके प्रबंधन के सामने प्रमुखता से उठाएगी ताकि भविष्य में ऐसे असुरक्षित ऐप्स उपलब्ध न हों।
सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक ये चीनी ऐप्स ई-रिक्शा की बैटरी और सॉफ्टवेयर को रीमोटली कंट्रोल कर सकते थे। इस तकनीकी खामी का फायदा उठाकर कोई भी अराजक तत्व चलती गाड़ी को अचानक रोककर बड़ा हादसा कर सकता था। इस खतरे को भांपते हुए सरकार ने यह बड़ा एक्शन लिया है।

