हाईप्रोफाइल साइबर अटैक: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का व्हाट्सएप हैक, गृहमंत्री और पीएमओ तक पहुंचे मैसेज

- Advertisement -

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में साइबर ठगों ने एक बेहद दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। शातिर हैकरों ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश शर्मा का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया। इसके बाद हैकरों ने उनके मोबाइल में सेव देश के कई वीवीआईपी नंबरों पर पैसों की मांग के मैसेज भेज दिए।

पार्सल के बहाने जाल में फंसाया

यह सनसनीखेज घटना एक जून की है, जब दिनेश शर्मा आगरा में संघ के एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। दोपहर के समय उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने कहा कि स्टेट प्रेसिडेंट ने उनके लिए एक बेहद जरूरी पार्सल भेजा है।

- Advertisement -

ठग ने पार्सल लेने के लिए एक विशेष नंबर पर बात करने को कहा, जिसके आगे स्टार (*) और आखिर में हैश (#) लगा था। जैसे ही उन्होंने उस नंबर को डायल किया, उनका व्हाट्सएप पूरी तरह हैक हो गया। इसके तुरंत बाद एबीवीपी के संगठन मंत्री श्रीकांत ने फोन कर उन्हें हैकिंग की जानकारी दी।

अमित शाह और निर्मला सीतारमण को भी भेजे मैसेज

हैकर्स ने दिनेश शर्मा के मोबाइल में फीड करीब 6,000 संपर्कों को मैसेज भेजकर 45-45 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी। इन नंबरों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और पीएमओ (PMO) जैसे देश के सबसे महत्वपूर्ण और सुरक्षित नंबर भी शामिल थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तुरंत संज्ञान लिया और लखनऊ पुलिस को सूचित किया। वहां से आगरा के पुलिस कमिश्नर को तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। भाजपा नेता ने भी तुरंत फेसबुक पर पोस्ट डालकर अपने शुभचिंतकों को ठगी के प्रति आगाह किया।

समर्थकों से ठगे लाखों, बिहार से जुड़े तार

दिनेश शर्मा के अलर्ट करने से पहले आगरा के पूर्व महानगर अध्यक्ष शिव शंकर शर्मा ने हैकर्स के खाते में 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए थे। कई अन्य शुभचिंतकों को मिलाकर अब तक दो लाख रुपये से अधिक की ठगी हो चुकी है। इस हाईप्रोफाइल केस की जांच आगरा साइबर क्राइम ब्रांच कर रही है।

साइबर सेल के सब इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि इस बड़ी साजिश के तार बिहार के नालंदा से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने हैकर्स द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे सभी मोबाइल नंबरों को तुरंत बंद करवा दिया है। इसके साथ ही जिस बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर हुए थे, उसे भी फ्रीज कर दिया गया है।

Author: Ajay Mishra

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles