Sirmour Road Accident: सिरमौर के पांवटा साहिब में दो दर्दनाक सड़क हादसे, बाइक सवार दो लोगों की मौत

- Advertisement -

Sirmour News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में अज्ञात वाहन चालकों ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मारी। पुलिस ने पुरूवाला थाने में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

नेशनल हाईवे 707 पर गलत दिशा से आई गाड़ी ने मारी टक्कर

पहला हादसा नेशनल हाईवे 707 पर नारीवाला के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शी सुरेश कुमार की शिकायत के मुताबिक एक अज्ञात गाड़ी का ड्राइवर गलत साइड से गाड़ी चला रहा था। उसने सतौन से पांवटा साहिब की तरफ जा रही एक मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी।

- Advertisement -

इस भीषण हादसे में टिक्करी कठवार गांव के रहने वाले विशाल और अभिषेक को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोग दोनों घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले गए। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद विशाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।

मोड़ पर अज्ञात डम्पर ने बाइक सवार को कुचला, मौके से फरार

दूसरा हादसा जुगनु दी हट्टी हरिपुर टोहाना के पास एक तीखे मोड़ पर पेश आया। शिकायतकर्ता दीगेश चौहान के अनुसार एक अज्ञात डम्पर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी ड्राइवर डम्पर लेकर मौके से तुरंत फरार हो गया।

इस दुर्घटना में काशीपुर गांव के रहने वाले बाइक सवार सुरेश कुमार बुरी तरह जख्मी हो गए। लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल लाते ही डॉक्टर ने सुरेश कुमार को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निश्चित सिंह नेगी ने इन दोनों अलग-अलग सड़क हादसों में दो मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुरूवाला पुलिस स्टेशन की टीमें दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहनों और उनके चालकों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles