Chamoli News: उत्तराखंड के चमोली जिले में मौसम विभाग का यलो अलर्ट ज्योतिर्मठ विकासखंड के लिए बड़ी आफत बन गया है। मॉनसून की पहली मूसलधार बारिश के कारण आपदा प्रभावित पगनों गांव में पुराना भूस्खलन क्षेत्र फिर से सक्रिय हो गया है। इस पहाड़ी क्षेत्र में भारी भूस्खलन से अचानक तबाही मच गई है।
पगनों गांव के घरों में घुसा भूस्खलन का भारी मलबा
बुधवार देर रात अचानक हुई तेज बारिश के बाद पहाड़ी से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा रिहायशी इलाके में आ गया। मलबे के तेज बहाव के कारण गांव के दो मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे के समय घरों के अंदर सो रहे स्थानीय लोग अपनी जान बचाने के लिए चिल्लाने लगे।
ग्रामीणों ने मलबे से बुजुर्ग दंपती का किया सुरक्षित रेस्क्यू
इस प्राकृतिक आपदा के दौरान एक मकान का मुख्य दरवाजा मलबे से पूरी तरह ब्लॉक हो गया था। इसके चलते घर के अंदर बुजुर्ग दंपती सतेश्वर प्रसाद और सीता देवी फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों ने रात के घने अंधेरे और भारी बारिश के बीच तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
इस भीषण लैंडस्लाइड के कारण गांव की कई नाली कृषि भूमि भी पूरी तरह नष्ट हो गई है। गांव के अन्य भवनों पर भी लगातार खतरा का साया मंडरा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत है। पीड़ित परिवारों ने स्थानीय प्रशासन से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने और ठोस सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

