Solan News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिले की ममलीग पंचायत में एक नए सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया है। ग्रीन पंचायत योजना के तहत बने इस प्रोजेक्ट से स्थानीय स्तर पर बिजली उत्पादन बढ़ेगा। इस सरकारी योजना से अब पंचायत को हर साल भारी कमाई भी होगी।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को शिमला से ऑनलाइन माध्यम द्वारा इस 500 किलोवाट क्षमता के ग्राउंड माउंटेड सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट की शुरुआत की। दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य 23 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ था। इसके बाद 24 फरवरी 2026 को इसे पूरी तरह ग्रिड से जोड़ दिया गया।
जानिए कितना होगा बिजली उत्पादन और कैसे मिलेगी कमाई
इस नई सौर ऊर्जा परियोजना से वर्तमान में रोजाना लगभग 3000 यूनिट बिजली तैयार हो रही है। सरकार के अनुमान के मुताबिक इससे सालभर में करीब आठ लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। बिजली बोर्ड इस बिजली को 3.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदेगा, जिससे राज्य को स्थिर राजस्व मिलेगा।
कमाई का एक बड़ा हिस्सा समाज कल्याण पर होगा खर्च
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसका बेहतरीन राजस्व वितरण मॉडल है। प्रोजेक्ट से होने वाली कुल कमाई का 25 फीसदी हिस्सा पंचायत के विकास और 25 फीसदी अनाथों व विधवाओं के कल्याण पर खर्च होगा। इसके अलावा 20 फीसदी सरकार, 20 फीसदी हिमऊर्जा और 10 फीसदी रख-रखाव में जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान ममलीग में मौजूद स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार बड़े सुधार कर रही है। इस उद्घाटन अवसर पर शिमला में मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी उपस्थित रहे।

