पति के सांवले रंग से नफरत और आईफोन की जिद, बहू के खौफ से एसपी दफ्तर पहुंची सास

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बहू ने अपने पति और सास का जीना मुश्किल कर दिया है। पति के सांवले रंग को लेकर ताने मारना और महंगे सामान की डिमांड करना बहू की आदत बन गई। तंग आकर पीड़ित परिवार पुलिस की शरण में पहुंच गया।

ग्वालियर के गोसपुरा इलाके में अतर देवी अपने बेटे कमल किशोर के साथ रहती हैं। कमल की शादी लतेश माहौर से हुई थी। परिवार ने सोचा था कि शादी के बाद घर में खुशियां आएंगी। लेकिन बहू के आने के बाद घर का माहौल पूरी तरह से बदल गया। बात-बात पर विवाद घर की रोजमर्रा की कहानी बन गई।

कमल का रंग थोड़ा सांवला है, जिसे लेकर लतेश अक्सर उसे जलील करती है। वह दिन-रात पति को काला कहकर ताने मारती है। इसके अलावा उसकी फरमाइशें भी बहुत ज्यादा हैं। घर आते ही उसने आईफोन और एसी जैसी महंगी चीजों की मांग शुरू कर दी। मध्यमवर्गीय परिवार होने के कारण वे उसकी यह मांगें पूरी नहीं कर सके।

झूठे केस और आत्महत्या की धमकियां

मांगें पूरी नहीं होने पर बहू ससुराल वालों को जेल भिजवाने की धमकी देती है। सास का आरोप है कि वह झूठे मुकदमों में फंसाने का डर दिखाती है। बात यहीं नहीं रुकी, लतेश ने अब तक दो बार फांसी लगाकर जान देने की कोशिश भी की है। हाल ही में उसने दुपट्टे से फंदा लगाने का ड्रामा किया।

बहू की इस ब्लैकमेलिंग से पूरा परिवार गहरे खौफ में जी रहा है। सास अतर देवी के मुताबिक बहू के मायके वाले भी इस साजिश में शामिल हैं। वे फोन पर लतेश को लगातार भड़काते हैं। मायके वाले चाहते हैं कि ससुराल वाले तंग आकर खुद ही तलाक दे दें। इन हरकतों ने परिवार का चैन छीन लिया है।

लगातार बढ़ रहे अत्याचार से परेशान होकर पति कमल किशोर ने एक तरकीब निकाली। उसने अपनी पत्नी की हरकतों और धमकियों के कई वीडियो छुपकर रिकॉर्ड कर लिए। सबसे पहले परिवार ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत की थी। लेकिन वहां उनकी फरियाद किसी ने नहीं सुनी। इसके बाद न्याय पाने के लिए मां-बेटा एसपी कार्यालय जा पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश

एसपी ऑफिस में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। परिवार ने अधिकारियों को बहू के ड्रामे वाले सभी वीडियो सबूत के तौर पर दिखाए हैं। पुलिस ने इन सबूतों की वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को बुलाकर निष्पक्ष रूप से पूरे मामले की जांच करने का भरोसा दिया है।

Author: Vijay Chouhan

Hot this week

Related Articles

Popular Categories