Varanasi News: उत्तर प्रदेश के धार्मिक शहर वाराणसी में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। अपने दोस्त के साथ काशी घूमने आया एक 19 वर्षीय युवक सिंधिया घाट पर गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया। तेज बहाव के कारण वह नदी में डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई।
युवक को डूबता देख उसके दोस्त ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय मल्लाह और नाविक तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों ने नदी में उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी गई।
एनडीआरएफ और जल पुलिस ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही दशाश्वमेघ घाट की जल पुलिस और एनडीआरएफ की 11वीं बटालियन मौके पर पहुंची। दोनों टीमों ने मिलकर गंगा नदी में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़े प्रयास के बाद गोताखोरों ने करीब एक घंटे के भीतर युवक का शव गहरे पानी से बाहर निकाल लिया।
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक युवक उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का रहने वाला था। वह बरेली के गंगानगर स्थित बग्गा कालोनी निवासी किशन मेहरोत्रा था। किशन अपने दोस्त कुनाल जायसवाल के साथ सप्ताहांत पर वाराणसी की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को देखने के लिए यहां आया था।
इकलौते बेटे की मौत की खबर से मां का बुरा हाल
पुलिस ने जब मृतक के परिजनों से फोन पर संपर्क किया तो कई भावुक जानकारियां सामने आईं। किशन के पिता अरुण जायसवाल का देहांत पहले ही हो चुका था। इकलौते कमाऊ बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
इस हादसे के बाद मृत युवक की मां और मामा बरेली से वाराणसी के लिए रवाना हो चुके हैं। स्थानीय पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया है। परिजनों के वाराणसी पहुंचने के बाद पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराएगी और आगे की कार्रवाई करेगी।
Author: Raj Thakur

