Bhopal News: नोएडा की त्विषा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में हुई संदिग्ध मौत के बहुचर्चित मामले की जांच संभालते ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) एक्शन मोड में आ गई है। सीबीआई ने जांच के पहले ही दिन मध्य प्रदेश पुलिस की एसआईटी (SIT) की ढीली कार्यप्रणाली पर बेहद गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मंगलवार को देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी ने इस मामले की फाइल अपने हाथ में ली। पहले ही दिन जब अधिकारियों ने एसआईटी द्वारा सौंपी गई आधी-अधूरी और अव्यवस्थित केस डायरी देखी, तो वे भड़क गए। डायरी की खराब स्थिति देखकर सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारी बेहद नाराज हुए और असंतोष जताया।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, केस डायरी में पूरी घटना का क्रमवार ब्योरा दर्ज नहीं था। जरूरी दस्तावेज बेहद बेतरतीब तरीके से लगाए गए थे और कई महत्वपूर्ण बिंदुओं का डायरी में कोई स्पष्ट उल्लेख ही नहीं था। इस लापरवाही पर सीबीआई अधिकारियों ने मौके पर मौजूद एसआईटी सदस्यों को जमकर फटकार लगाई।
लापरवाही के बाद हरकत में आई एसआईटी
केंद्रीय एजेंसी की कड़ी फटकार के बाद स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके कुछ ही देर बाद एसआईटी प्रमुख और एसीपी रजनीश कश्यप खुद आनन-फानन में संशोधित केस डायरी तैयार कर पहुंचे। वे मामले से जुड़े अन्य तमाम जरूरी और छूटे हुए दस्तावेज लेकर सीबीआई टीम के सामने हाजिर हुए।
मंगलवार सुबह तड़के सीबीआई की विशेष टीम सबसे पहले भोपाल के उस पॉश बंगले पर पहुंची, जहां त्विषा की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिली थी। जांच टीम ने उस कमरे, आसपास के हिस्सों और घटनास्थल से जुड़े हर एक पहलू का बारीकी से निरीक्षण किया ताकि सच सामने आ सके।
केंद्रीय अधिकारियों ने घटनास्थल की मौजूदा परिस्थितियों को समझने के साथ-साथ वहां मौजूद भौतिक साक्ष्यों का भी नए सिरे से परीक्षण किया। माना जा रहा है कि स्थानीय पुलिस की थ्योरी से असंतुष्ट सीबीआई अब कई पुराने और महत्वपूर्ण साक्ष्यों की दोबारा से उच्च स्तरीय फोरेंसिक जांच करा सकती है।
रिटायर्ड जज सास से हुई तीखी पूछताछ
हाई-प्रोफाइल मामला होने के कारण सीबीआई ने त्विषा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह से भी बंद कमरे में लंबी पूछताछ की। जांच अधिकारियों ने उनसे कई तीखे सवाल पूछे और उनके बयानों को रिकॉर्ड किया। इस दौरान रिटायर्ड जज काफी असहज नजर आईं और उन्होंने अपनी सफाई दी।
सूत्रों के अनुसार, रिटायर्ड जज से परिवार के आंतरिक माहौल, मृतका त्विषा एवं उनके बेटे समर्थ सिंह के वैवाहिक संबंधों को लेकर सवाल दागे गए। इसके बाद सीबीआई टीम लालघाटी स्थित थ्रीईएमइ सेंटर पहुंची, जहां पीड़ित त्विषा के माता-पिता और अन्य करीबी परिजन ठहरे हुए हैं, उनसे भी मुलाकात की गई।
पीड़ित माता-पिता ने रोते हुए सीबीआई को बताया कि शादी के बाद से ही त्विषा लगातार भारी मानसिक तनाव से गुजर रही थी। परिजनों ने दोनों के बीच हुई वॉट्सऐप चैट, फोन कॉल और आखिरी बातचीत से जुड़ी जानकारियां सौंपी हैं। सीबीआई ने सभी डिजिटल साक्ष्यों को अपने कब्जे में ले लिया है।
मुख्य आरोपी समर्थ सिंह को रिमांड पर लेगी सीबीआई
दिनभर की मैराथन कार्रवाई के बाद सीबीआई के आला अधिकारियों ने भोपाल के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात की। उन्होंने अब तक की पुलिस जांच और की गई कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट ली। इसके बाद देर रात एसआइटी ने पूरी तरह से अपडेटेड केस डायरी सीबीआई टीम को सौंप दी।
घटनास्थल से जब्त किए गए सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामग्री अब आधिकारिक रूप से सीबीआई के पास हैं। केंद्रीय एजेंसी बुधवार को मुख्य आरोपी समर्थ सिंह को विशेष अदालत में पेश करेगी। सीबीआई आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है।
Author: Vijay Chouhan

