Himachal Pradesh News: कांगड़ा जिला पुलिस ने अपनी मुस्तैदी का लोहा मनवाते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने महज तीन दिनों के भीतर एक बेहद पेचीदा ब्लाइंड चेन स्नैचिंग मामले को पूरी तरह सुलझा लिया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो राज्यों से आरोपियों को दबोचा है।
मंदिर जाते समय बुजुर्ग महिला बनी थी शिकार
डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह वारदात बीते 20 मई की सुबह हुई थी। एक बुजुर्ग महिला अकेले मंदिर जा रही थी। तभी अचानक बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपटी और तेजी से फरार हो गए।
वारदात के समय सड़क पर कोई चश्मदीद गवाह मौजूद नहीं था। पीड़ित महिला ने घर लौटकर अपने परिजनों को इस लूट की जानकारी दी। इसके बाद महिला के दामाद ने तुरंत कांगड़ा पुलिस स्टेशन पहुंचकर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
थाना प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस को कांगड़ा बस स्टैंड के पास एक शोरूम के बाहर संदिग्ध बाइक और दोनों आरोपी युवकों का अहम सुराग मिल गया।
आसपास के लोगों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि दोनों बाहरी राज्यों के रहने वाले हैं। वे यहां कबाड़ का काम करते थे। स्थानीय पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि दोनों युवक अचानक पंजाब गए हैं और उनका मोबाइल नंबर भी पुलिस को दे दिया।
हरियाणा और राजस्थान से हुई शातिरों की गिरफ्तारी
अहम सुराग हाथ लगते ही जांच अधिकारी जगपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत रवाना हुई। पुलिस टीम ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ पुलिस के सहयोग से पहले आरोपी राहुल (24) को उसके गांव डकोरा से दबोच लिया।
इसके तुरंत बाद कांगड़ा पुलिस की दूसरी टीम ने राजस्थान के जयपुर जिले के कोटपूतली इलाके में दबिश दी। पुलिस ने वहां से दूसरे मुख्य आरोपी सनी कुमार (28) को धर दबोचा। दोनों शातिर अपराधी मूल रूप से इन्हीं राज्यों के रहने वाले हैं।
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने लूटी गई चेन पंजाब के कीरतपुर में बेची है। उन्होंने वहां ‘शैली ज्वेलर्स’ को यह चेन 91,000 रुपये में दी थी। पुलिस ने कीरतपुर में फौरन छापेमारी कर ज्वेलर की दुकान से सोने की चेन बरामद कर ली।
कांगड़ा की स्थानीय अदालत ने दोनों आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य चोरी और लूट की वारदातों के बारे में भी गहनता से पूछताछ करेगी, जिससे कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
Author: Raj Thakur


