हिमाचल के बिलासपुर में जबरन धर्म परिवर्तन पर बवाल, भारी कैश और वजीफे के लालच का खुला बड़ा राज

Himachal Pradesh News: बिलासपुर जिला के घुमारवीं उपमंडल में जबरन धर्म परिवर्तन की कोशिशों को लेकर माहौल गरमा गया है। ईसाई मिशनरियों की कथित सक्रियता से ग्रामीण भारी गुस्से में हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीधे-साधे लोगों को मोटी रकम और आर्थिक प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए उकसाया जा रहा है।

घुमारवीं पुलिस स्टेशन में ग्रामीणों ने दर्ज कराई लिखित शिकायतें

इस गंभीर मामले को लेकर क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीणों ने घुमारवीं पुलिस स्टेशन में लिखित एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस प्रशासन ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में पुलिस मुख्य आरोपी घुमारवीं के चचेड़ा निवासी राजकुमार को मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।

गांव हवाण के निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कई चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। संदीप के मुताबिक जब वह स्थानीय स्टोर से घरेलू सामान खरीदने गया था, तब एक गाड़ी में आए तीन पुरुषों और तीन महिलाओं ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को तुरंत ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा।

लाखों रुपये कैश और हर महीने फिक्स्ड सैलरी का ऑफर

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे हिंदू धर्म छोड़ने के बदले पांच लाख रुपये नकद और हर महीने पांच हजार रुपये का वजीफा देने का ऑफर दिया। जब संदीप ने इस बड़े लालच को ठुकरा दिया, तो आरोपियों ने उसके मूल धर्म पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और गाली-गलौज पर उतर आए।

इसी बीच हवाण क्षेत्र के ही अन्य ग्रामीण रवि कुमार ने भी पुलिस को अपनी शिकायत सौंपी है। रवि कुमार का दावा है कि आरोपियों ने उसकी पत्नी का जबरन धर्म परिवर्तन करवा दिया है। अब यह पूरा नेक्सस रवि के पूरे परिवार पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए लगातार मानसिक प्रेशर बना रहा है।

विश्व हिंदू परिषद ने दी बड़े आंदोलन की सख्त चेतावनी

घटना की भनक लगते ही भारी संख्या में स्थानीय लोग और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी घुमारवीं पुलिस स्टेशन पहुंच गए। विहिप नेताओं ने दो टूक कहा कि देवभूमि की संस्कृति के साथ खिलवाड़ और ऐसे अवैध प्रलोभन बर्दाश्त नहीं होंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले की फॉरेन फंडिंग एंगल से जांच की मांग की है।

बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि धर्म परिवर्तन के प्रयासों और प्रलोभन की शिकायतें मिली हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। मौके के साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई होगी।

Reported By: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories