Himachal News: हिमाचल प्रदेश की राजनीति में उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेता नीरज भारती का फेसबुक अकाउंट अचानक सस्पेंड हो गया. अब सोशल मीडिया यूजर पूर्व विधायक नीरज भारती की प्रोफाइल और पुरानी पोस्ट को नहीं ढूंढ पा रहे हैं.
नीरज भारती अपने सोशल मीडिया हैंडल पर सरकार और अपनी ही पार्टी के खिलाफ खुलकर नाराजगी जाहिर करने के लिए जाने जाते हैं. वह पिछले दो दिनों से लगातार मुख्यमंत्री सुक्खू की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठा रहे थे, जिसके बाद फेसबुक ने शुक्रवार देर शाम यह बड़ी कार्रवाई की.

फेसबुक ने लीगल रिक्वेस्ट के बाद उठाया यह सख्त कदम
मेटा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक ने इस कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट की है. कंपनी के अनुसार, नीरज भारती के अकाउंट को प्रतिबंधित करने के लिए एक लीगल रिक्वेस्ट मिली थी. इसके बाद फेसबुक ने अपनी कंटेंट पॉलिसी के उल्लंघन का हवाला देते हुए भारत में इस प्रोफाइल को ब्लॉक कर दिया.

इस कार्रवाई के बाद भारत में कोई भी फेसबुक यूजर नीरज भारती की फीड या प्रोफाइल को सर्च नहीं कर पाएगा. नीरज भारती कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के बेटे हैं. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा था कि जब अंदर सुनवाई बंद हो जाए, तो सोशल मीडिया ही आखिरी रास्ता बचता है.
Author: Sunita Gupta


