Himachal Pradesh News: शिमला जिला के वाहन मालिकों और नए चालकों के लिए परिवहन विभाग ने बड़ी राहत दी है। विभाग ने इस महीने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट और गाड़ियों की पासिंग का विस्तृत टाइम टेबल जारी कर दिया है। इसके तहत आगामी 12 जून से 30 जून तक विभिन्न केंद्रों पर प्रक्रिया चलेगी।
तारा देवी केंद्र में तीन दिन आयोजित होंगे ड्राइविंग टेस्ट
परिवहन विभाग के नए शेड्यूल के मुताबिक तारा देवी स्थित मुख्य परीक्षण केंद्र में 12 जून, 20 जून और 30 जून को ड्राइविंग टेस्ट लिए जाएंगे। इस परीक्षा से पहले गाड़ियों की पासिंग और अन्य कागजी औपचारिकताएं 11-12 जून, 19-20 जून और 30 जून को सेंटर पर पूरी की जाएंगी।
तारा देवी केंद्र पर होने वाले सभी ड्राइविंग टेस्ट का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तय किया गया है। सुचारू संचालन के लिए सीनियर मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर इंजीनियर पंकज सिंह को तैनात किया गया है। आवेदकों को तय समय से पहले केंद्र पर रिपोर्ट करनी होगी।
जिला के अन्य उपमंडलों में इस तारीख को होगी परीक्षा
मुख्य केंद्र के अलावा शिमला जिला के अन्य सुदूर क्षेत्रों में भी अलग-अलग तारीखों पर टेस्ट आयोजित होंगे। विभाग रोहड़ू में 18 जून, कुपवी में 19 जून, चौपाल में 22 जून, ठियोग में 23 जून तथा सुन्नी में 24 जून को ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट आयोजित करेगा।
कुपवी केंद्र के लिए परिवहन विभाग ने एमवीआई सिरमौर इंजीनियर विजय चौहान की विशेष ड्यूटी लगाई है। यहां भी टेस्ट का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षण में शामिल होने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी।
सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ ओरिजिनल लर्निंग लाइसेंस, आवेदन फॉर्म और जरूरी दस्तावेज लाने होंगे। आरटीओ कार्यालय ने पुलिस और जिला प्रशासन को भी इस संबंध में सूचित कर दिया है ताकि केंद्रों के बाहर ट्रेफिक जाम न लगे और कानून व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।
Reported By: Sunita Gupta


