Sirsa News: हरियाणा के सिरसा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बड़ागुढ़ा थाना क्षेत्र के गांव छतरियां में एक 22 वर्षीय युवक को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतक युवक की पहचान अशोक (22) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अशोक रविवार शाम को जब अपने खेत से घर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों ने उसे घेर लिया और उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुरानी रंजिश के चलते वारदात को दिया अंजाम
आरोपी मुकेश और उसके साथियों ने अशोक को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह लहूलुहान हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अशोक को गंभीर हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अशोक और मुकेश के बीच कुछ दिन पहले विवाद हुआ था।
घायल अशोक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में तनाव का माहौल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
इस खौफनाक वारदात की सूचना मिलते ही बड़ागुढ़ा थाना प्रभारी लाभ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।

