Hisar News: हरियाणा के हिसार जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े करने वाला हादसा सामने आया है। यहां सिटी थाना रोड पर स्थित एक मिष्ठान भंडार की लिफ्ट में फंसने से एक 34 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस भयावह घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक युवक की पहचान गांव कुंभाखेड़ा के रहने वाले जसबीर (34) के रूप में हुई है। यह हादसा रविवार सुबह करीब सवा पांच बजे उस समय हुआ जब जसबीर माल ढुलाई वाली लिफ्ट से ऊपर जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे।
सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद साफ हुई हादसे की तस्वीर
घटना की जानकारी मिलने पर जब परिजन मिष्ठान भंडार पहुंचे, तो उन्होंने पहले हत्या की आशंका जताई थी। उनका आरोप था कि दुकान में काम करने वाले अन्य कारिंदों ने जसबीर की हत्या की है। हालांकि, पुलिस द्वारा दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी की फुटेज दिखाने के बाद परिजन शांत हुए।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि जसबीर शनिवार रात दुकान में काम करने वाले अपने जानकार विजय और अन्य कारिंदे के पास ठहरा था। सुबह करीब 5.10 बजे वह गद्दा उठाकर ऊपर जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुआ, जिसके बाद यह भीषण हादसा हो गया।
गर्दन लोहे के एंगल में फंसने से हुआ बड़ा हादसा
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, जब जसबीर लिफ्ट से दूसरी मंजिल के पास पहुंचा तो उसका गद्दा अचानक हिल गया। जसबीर गद्दे को पकड़ने के लिए जैसे ही लिफ्ट से अपनी गर्दन बाहर निकालने लगा, तभी वहां लगे लोहे के एंगल से उसकी गर्दन टकरा गई और लिफ्ट के दबाव से यह बड़ा हादसा हो गया।
सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया। वहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। डीएसपी प्रिया शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।

