Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां ग्यारहवीं कक्षा की एक छात्रा का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पौधारोपण कार्यक्रम से लौटी मां ने देखा बेटी का शव
मृतका मूल रूप से शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र की रहने वाली थी। वह राजगढ़ के वार्ड नंबर पांच में अपनी माता और दो छोटी बहनों के साथ किराए के कमरे में रहती थी। घटना के समय छात्रा कमरे में अकेली थी। उसकी माता पास ही एक सामाजिक पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेने गई हुई थीं।
गुरुवार सुबह जब छात्रा स्कूल नहीं पहुंची तो अध्यापकों ने इसे सामान्य अनुपस्थिति माना। दोपहर के भोजन के समय जब कमरे से मौत की खबर आई तो स्कूल प्रबंधन हैरान रह गया। मृतका पीएमश्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ में पढ़ती थी। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कमरे से जरूरी सबूत जुटाए। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह साफ हो पाएगी।
स्कूल के प्रधानाचार्य प्रेम चौहान ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि मृतका पढ़ाई में बहुत होनहार और अनुशासित थी। उसका व्यवहार हमेशा शांत रहता था। पुलिस परिवार के सदस्यों और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

