Sirmour News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नाहन-कुमारहट्टी-शिमला नेशनल हाईवे पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 150 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक दुर्घटना में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा पच्छाद थाना क्षेत्र में सराहां अस्पताल के पास एक तीखे मोड़ पर हुआ। चालक ने मोड़ पर कार से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी सड़क किनारे लगी सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए सीधे खाई में गिर गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे में तीन की मौत और एक गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना के समय कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। डीएसपी वी. सी. नेगी ने पुष्टि की है कि हादसे में तीन लोगों की जान गई है।
मृतकों की पहचान रीना शर्मा (48), अधिकारी जैतली (65) और उर्मिल जैतली (60) के रूप में हुई है। कार चला रहे अधिकारी जैतली के 33 वर्षीय बेटे यशस्वी जैतली गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें नाहन के डॉ. वाई. एस. परमार मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम घायल यशस्वी का इलाज कर रही है। पुलिस हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच में जुट गई है।

