Mumbai News: सोमवार को आई भारी गिरावट के बाद मंगलवार को शेयर बाजार में जोरदार मजबूती आ सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत के बाद उसकी एनर्जी साइट्स पर हमलों में पांच दिन के विराम की घोषणा की है। इससे गिफ्ट निफ्टी में जबरदस्त तेजी आई है। सुबह सवा 7 बजे गिफ्ट निफ्टी 364.50 अंक या 1.52 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 22,829.50 पर है। कल अमेरिकी शेयर बाजार में भी मजबूती देखने को मिली। एशियाई शेयरों में भी तेजी दिख रही है, जबकि तेल की कीमतों में गिरावट कुछ कम हुई है। डॉलर में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
आज ये शेयर रहेंगे चर्चा में
इंटरग्लोब एविएशन ने6 अप्रैल से आलोक सिंह को मुख्य रणनीति अधिकारी नियुक्त करने को मंजूरी दी है। कोल इंडिया के बोर्ड ने ऑफर फॉर सेल के जरिए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने को मंजूरी दी है। साथ ही आईपीओ के जरिए 10 प्रतिशत तक नए इक्विटी शेयर जारी करने को भी हरी झंडी मिली है। जीआर इंफ्राप्रोजेक्ट्स को बिहार में एनएच-33 के ग्रीनफील्ड सेक्शन के निर्माण के लिए एनएचएआई से 2,440.87 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। आईआरएफसी ने हिंदुस्तान उर्वरक और रसायन के साथ 12,842 करोड़ रुपये की लंबी अवधि की देनदारी के रीफाइनेंसिंग के लिए बड़ा रुपया टर्म लोन समझौता किया है।
इन कंपनियों के भी बड़े ऐलान
जीएनजीइलेक्ट्रॉनिक्स ने आईसीआईसीआई बैंक के साथ अपने फैसिलिटी एग्रीमेंट में संशोधन कर कुल लिमिट को 40 करोड़ से बढ़ाकर 72 करोड़ रुपये कर दिया है। विप्रो ने दक्षिण कोरिया में एक नई इनोवेशन लैब शुरू करके अपने बिजनेस ऑपरेशंस का विस्तार किया है। बीपीसीएल ने गुरुग्राम में भारत का पहला एलपीजी एटीएम शुरू किया है, जिससे ग्राहक 24 घंटे 2-3 मिनट में गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे। एनसीएलएटी ने वेदांता ग्रुप को निर्देश दिया है कि वह जयप्रकाश एसोसिएट्स के मामले में अदाणी ग्रुप को भी अपनी अपीलों में शामिल करे। हिंदुस्तान फूड्स महाराष्ट्र में अल्ट्रा ब्यूटी केयर की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट को 19.9 करोड़ रुपये में खरीदेगी। हिंदुस्तान जिंक ने टाटा स्टील के साथ साझेदारी कर अपने कम-कार्बन वाले जिंक उत्पाद ‘इकोजेन’ के उपयोग का विस्तार किया है। बॉश लिमिटेड ने टाटा ऑटोकंप सिस्टम्स के साथ जॉइंट वेंचर बनाकर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सॉल्यूशंस को समर्थन देने की घोषणा की है। ट्रंप के बयान के बाद वैश्विक बाजारों में सकारात्मकता आई है, जिसका असर आज भारतीय बाजार पर साफ देखने को मिल सकता है।


