खारी बावली में जहर बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश, चावल के चूरे और डंठल से बन रहा था ‘एमडीएच-एवरेस्ट’ जैसा मसाला!

Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के सबसे प्रसिद्ध और एशिया के सबसे बड़े मसाला बाजार ‘खारी बावली’ इलाके में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने यहां धड़ल्ले से चल रही एक नकली और मिलावटी मसाला बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

क्राइम ब्रांच की टीम ने इस काले कारोबार के मुख्य सरगना और फैक्ट्री मालिक कमलजीत को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। फैक्ट्री के भीतर बेहद घटिया दर्जे के कच्चे माल, नॉन-एडिबल हानिकारक केमिकल रंगों, चावल के टुकड़ों (कनकी), सूखी मिर्च की डंडियों और सड़े हुए धनिए के डंठल को पीसकर जहरीले मसाले तैयार किए जा रहे थे।

दिल्ली-एनसीआर की थाली में परोसा जा रहा था धीमा जहर

इस अवैध फैक्ट्री में रोजमर्रा के खाने में इस्तेमाल होने वाली हल्दी, लाल मिर्च, पीली मिर्च, धनिया पाउडर, अमचूर और गरम मसाला बड़े पैमाने पर तैयार हो रहा था। इन मिलावटी मसालों को आकर्षक बनाने के लिए सेहत के लिए बेहद खतरनाक सिंथेटिक रंगों का इस्तेमाल किया जाता था।

तैयार होने के बाद इन नकली मसालों को दिल्ली समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर (NCR) के स्थानीय बाजारों और होटलों में धड़ल्ले से सप्लाई किया जा रहा था। क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी कमलजीत मूल रूप से दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके का रहने वाला है।

रेहड़ी लगाने वाले ने ज्यादा मुनाफे के चक्कर में खोली फैक्ट्री

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कमलजीत पहले दिल्ली के साप्ताहिक बाजारों में घूम-घूमकर मसाले की रेहड़ी लगाता था। बाद में रातों-रात ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में उसने करीब डेढ़ साल पहले खारी बावली के नया बांस इलाके में एक मकान का ग्राउंड फ्लोर किराए पर लिया था।

कमलजीत ने यहां बड़ी-बड़ी पिसाई मशीनें लगाकर नकली मसाला बनाना शुरू कर दिया। वह किसी बड़े नामी ब्रांड के नाम पर पैकेजिंग नहीं करता था। इसके बजाय वह बिना ब्रांड के छोटे-छोटे पैकेटों में इन जहरीले मसालों को पैक करता था ताकि किसी को कोई शक न हो।

फूड सेफ्टी विभाग ने लैब टेस्टिंग के लिए भेजे सैंपल

क्राइम ब्रांच को 23 मई को इस अवैध धंधे की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसीपी पंकज अरोड़ा और इंस्पेक्टर अमित सोलंकी की टीम ने जाल बिछाकर फैक्ट्री पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से करीब 801.88 किलोग्राम नकली तैयार मसाले, भारी मात्रा में हानिकारक केमिकल और मशीनें जब्त की हैं।

कार्रवाई के दौरान दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया। विभाग की टीम ने सभी मसालों के सैंपल लेकर उन्हें लैब टेस्टिंग के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आरोपी पर फूड सेफ्टी एक्ट की अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।

ई-साक्ष्य ऐप से हुई पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी

पुलिस ने नए कानूनी प्रावधानों के तहत पूरी जब्ती की डिजिटल मैपिंग की है। इसके लिए ‘ई-साक्ष्य ऐप’ (e-Sakshya App) के जरिए मौके की पूरी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है। क्राइम ब्रांच ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

पकड़े गए आरोपी कमलजीत को अदालत में पेश कर दो दिनों की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। पुलिस की टीमें अब इस बात का बारीकी से पता लगा रही हैं कि इस बड़े सिंडिकेट के तार और कहां जुड़े हैं और दिल्ली-एनसीआर के किन दुकानदारों को यह सप्लाई जाती थी।

Author: Gaurav Malhotra

Hot this week

एक सड़क हादसा और खुला पूर्व BDO का खौफनाक राज, मर्डर केस में चल रहा था फरार!

Kolkata News: कोलकाता के साल्टलेक में हुए मशहूर स्वर्ण...

Related Articles

Popular Categories