PM Modi News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक ऐसे नेता के तौर पर तारीफ की है जो नतीजे देते हैं। भारत में अमेरिकी दूतावास के जरिए साझा किए गए एक संदेश में ट्रंप ने कहा, “भारत के साथ हमारे शानदार संबंध आगे चलकर और भी मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मैं, हम दो ऐसे लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं, ऐसी बात ज्यादातर लोगों के बारे में नहीं कही जा सकती है।” उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों के बेहतर भविष्य की उम्मीद भी जताई।
पीएम मोदी और ट्रंप के बीच हुई थी बातचीत
इससेपहले मंगलवार (24 मार्च) को दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बारे में विस्तार से बातचीत की थी। संघर्ष की वजह से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं में रुकावटें पैदा हो गई हैं। दोनों नेताओं के बीच चर्चा इस बात पर केंद्रित थी कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहे साथ ही सुरक्षित बना रहे। बातचीत के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि यह सुनिश्चित करना कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुला, सुरक्षित और सभी के लिए सुलभ बना रहे, पूरी दुनिया के लिए बेहद जरूरी है।
अमेरिकी दूतावास ने दी जानकारी
भारत मेंअमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर बताया था कि ट्रंप और मोदी के बीच हुई चर्चा में मध्य पूर्व में बदलती स्थिति की समीक्षा भी शामिल थी। इस दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य को बाधा मुक्त रखने के रणनीतिक महत्व पर जोर दिया गया। इस क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता को देखते हुए, दोनों देशों ने आपसी तालमेल के साथ काम करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले 10 दिन टाले
इस बीच,अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमलों पर लगी रोक को 10 दिनों के लिए और बढ़ा दिया है। यह रोक अब सोमवार, 6 अप्रैल 2026 तक लागू रहेगी। ट्रुथ सोशल पर की गई एक पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि यह घोषणा ईरान सरकार के अनुरोध पर की गई है। उन्होंने आगे कहा कि तेहरान के साथ चल रही बातचीत बहुत अच्छी चल रही है। फिलहाल दोनों देशों के बीच सहयोग और बातचीत जारी है।


