World News: मेक्सिको के प्यूब्ला राज्य से एक बेहद डरावनी और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां गुरुवार सुबह चोरी के ईंधन से भरे एक गैस टैंकर में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसमान में विशाल ‘मशरूम क्लाउड’ जैसा खतरनाक आग का गुबार दिखाई दिया।
इस भयानक घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तुरंत कड़ा कदम उठाया। अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर पास के अस्पताल, स्कूलों और आसपास के घरों से करीब 2000 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
तेपेआका इलाके में हुआ जोरदार धमाका
यह दर्दनाक हादसा प्यूब्ला शहर से लगभग 35 किलोमीटर पूर्व में स्थित तेपेआका इलाके में हुआ। सोशल मीडिया पर इस घटना के कई रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के किनारे पहले हल्की आग लगी हुई थी।
तभी अचानक वहां खड़ा टैंकर एक जोरदार और गगनभेदी धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के तुरंत बाद आसमान में नारंगी रंग की विशाल आग की लपटें उठने लगीं। इसके साथ ही दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार फैल गया, जिससे पूरा इलाका अंधकारमय हो गया।
जान बचाकर भागे लोग, मची भारी दहशत
इंटरनेट पर सामने आए एक अन्य वीडियो में धमाके के बाद डरे-सहमे लोगों को अपनी जान बचाकर भागते हुए देखा गया। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर तक पूरा इलाका दहल उठा। इससे स्थानीय निवासियों में अपनी सुरक्षा को लेकर भारी दहशत फैल गई।
प्यूब्ला की सिविल प्रोटेक्शन एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना की आधिकारिक जानकारी दी है। एजेंसी ने बताया कि सुरक्षा कारणों से अस्पताल के मरीजों, मासूम स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों को घटना स्थल से तुरंत दूर ले जाया गया ताकि कोई बड़ी जनहानि न हो।
तस्करी के पेट्रोल से भरा था टैंकर
प्रशासन ने सुरक्षा घेरा तैयार कर आग बुझाने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जांच से मिली जानकारी के अनुसार, इस टैंकर में कथित तौर पर अवैध रूप से तस्करी का पेट्रोल भरा हुआ था।
राहत की बात यह है कि इस भयानक विस्फोट में अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। प्रशासन ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
Author: Pallavi Sharma


