Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजों को लेकर एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी वंदना गुलेरिया ने मतगणना प्रक्रिया में गंभीर धांधली के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। इस शिकायत के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।
डीसी ऑफिस पहुंचीं वंदना गुलेरिया, की दोबारा काउंटिंग की मांग
जिला परिषद वार्ड-34 टीहरा से प्रत्याशी रहीं वंदना गुलेरिया शुक्रवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ उपायुक्त कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने मतगणना में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए डीसी को एक लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने मांग की है कि डीसी ऑफिस परिसर के भीतर ही वोटों की दोबारा गिनती करवाई जाए।
उपायुक्त से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में वंदना गुलेरिया ने आरोप लगाया कि सरकारी कर्मचारियों के कुल 126 वोट गायब कर दिए गए हैं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उन्हें तुरंत सस्पेंड यानी बर्खास्त करने की पुरजोर मांग उठाई है।
टीहरा वार्ड में कुल 154 वोटों की हेराफेरी का दावा
भाजपा नेता ने टीहरा वार्ड की 19 पंचायतों में हुए मतदान का पूरा डेटा मीडिया के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में कुल 16,951 वोट पड़े थे। लेकिन काउंटिंग स्टाफ ने पहला नतीजा मात्र 16,624 मतों के आधार पर घोषित कर दिया। इसमें कर्मचारियों के डाक मतपत्र गिने ही नहीं गए।
वंदना ने कहा कि जब उन्होंने मौके पर आपत्ति जताई और दोबारा गिनती की मांग की, तब अचानक वोटों की संख्या बढ़कर 16,757 तक पहुंच गई। उन्होंने सवाल उठाया कि वोटों की गिनती में बार-बार यह बदलाव कैसे हुआ? इस गड़बड़ी ने पूरी चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
उन्होंने मांग की कि सभी चार उम्मीदवारों की मौजूदगी में दोबारा निष्पक्ष वोटों की गिनती करवाई जाए। इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अनिता ठाकुर ने वंदना गुलेरिया को महज 45 मतों के करीबी अंतर से शिकस्त दी थी। वंदना का कहना है कि कर्मचारियों के वोटों की गिनती होते ही नतीजा बदल जाएगा।
Author: Sunita Gupta


