Gujarat News: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुजरात के नर्मदा जिले में पहुंचे। वहां उन्होंने पार्टी की जिला सरकार बनने पर आयोजित भव्य विजय यात्रा में शिरकत की। केजरीवाल ने ऐतिहासिक जीत के लिए स्थानीय जनता का सहदयी धन्यवाद किया।
इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए बड़ा दावा किया। केजरीवाल ने कहा कि नर्मदा की जागरूक जनता ने बड़ा राजनीतिक बदलाव लाया है। इस ऐतिहासिक फैसले से साफ हो गया कि साल 2027 में पूरे गुजरात में ‘आप’ की सरकार बनेगी।
उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि स्थानीय आदिवासी समाज ने नर्मदा में पार्टी की सरकार बनाई है। इस तरह जनता ने भाजपा की दमनकारी नीतियों के मुंह पर करारा तमाचा मारा है। यह राज्य के चुनावी इतिहास में पहली बार हुआ है।
गुजरात के अंदर किसी जिले में कांग्रेस और भाजपा के अलावा कोई तीसरी पार्टी सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि जो चिंगारी आदिवासी समाज ने यहां शुरू की है, वह जल्द ही पूरे गुजरात में फैलेगी। यही चिंगारी आने वाले समय में बड़ी क्रांति बनेगी।
नर्मदा की जनता ने तोड़ा पुरानी पार्टियों का तीन दशक पुराना सियासी घमंड
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली से विशेष रूप से नर्मदा जिले के लोगों का आभार जताने आया हूं। जिस तरह से मतदाताओं ने हमारे ऊपर अटूट विश्वास जताया और अगाध प्यार दिया, उसके लिए मैं पूरी जनता को बधाई देता हूं।
उन्होंने कहा कि पिछले 75 साल से गुजरात में केवल कांग्रेस या भाजपा की ही सरकारें बनती थीं। चाहे राज्य स्तर हो या जिला स्तर, दूसरी पार्टियों का दबदबा रहता था। राजनीतिक विश्लेषक अक्सर कहते थे कि गुजरात में कभी तीसरी पार्टी सफल नहीं हो सकती।
आलोचकों का मानना था कि सूबे में किसी तीसरे विकल्प का कोई वजूद ही नहीं है। लेकिन नर्मदा जिले के बहादुर लोगों ने इस बार पहली बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनाकर सभी पुराने राजनीतिक दावों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
यह अप्रत्याशित परिणाम साफ दिखाता है कि गुजरात के आम लोग अब शासन व्यवस्था में बड़ा बदलाव चाहते हैं। जो कमाल आज नर्मदा जिले के लोगों ने कर दिखाया है, कल वही ऐतिहासिक काम पूरा गुजरात दोहराने के लिए तैयार बैठा है।
केजरीवाल का तीखा आरोप, भाजपा और कांग्रेस मिलकर लूट रहे थे पूरा राज्य
आप संयोजक ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 30 साल से राज्य में भ्रष्टाचार और अत्याचार का बोलबाला है। सत्ताधारी लोग जिसे चाहते हैं पकड़कर सीधे जेल में डाल देते हैं। वे विरोधियों को डराते-धमकाते हैं।
नेताओं पर लगातार झूठे मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। पहले राज्य की जनता के पास कोई मजबूत विकल्प नहीं था। इसका मुख्य कारण यह है कि भाजपा और कांग्रेस अंदरूनी तौर पर पूरी तरह मिले हुए हैं। दोनों पार्टियों के बीच बड़ा भाईचारा है।
इन दोनों दलों के बड़े नेताओं के जॉइंट धंधे चल रहे हैं। उनके बीच आपस में गहरी रिश्तेदारियां हैं और शादी-ब्याह भी होते हैं। ये दोनों अलग-अलग पार्टियां नहीं हैं, बल्कि दोनों मिलकर सालों से पूरे गुजरात को बेरहमी से लूट रही थीं।
उन्होंने आगे कहा कि अब केवल आम आदमी पार्टी ही आम जनता के हक के लिए जमीन पर लड़ रही है। जब भी जेल जाने की बात आती है, तो कांग्रेस के बड़े नेता कभी जेल नहीं जाते। हमारे नेता चैतर वसावा जनता के लिए जेल जाते हैं।
ईमानदारी से काम कर पूरे देश के सामने पेश करनी होगी विकास की मिसाल
भाजपा ने आप नेता चैतर वसावा को कई दिनों तक झूठे केस में जेल में बंद रखा था। लेकिन इस बार नर्मदा में अपनी सरकार बनाकर पूरे आदिवासी समाज ने इस दमन का मुंहतोड़ जवाब दिया है। अब बदलाव की इस बयार को कोई नहीं रोक पाएगा।
केजरीवाल ने नवनिर्वाचित संगीता बहन और अंजना बहन को विशेष हिदायत भी दी। उन्होंने कहा कि आज पूरा गुजरात ही नहीं, बल्कि पूरा देश आपकी तरफ देख रहा है। नर्मदा में बनी इस नई सरकार को पूरी ईमानदारी से काम करना होगा।
जनता ने जो भरोसा हम पर जताया है, उसे हर हाल में पूरा करना है। हमें दिन-रात जनसेवा करनी है ताकि दूसरे जिलों के लोग भी यहां का विकास देखें। जब लोग यह देखेंगे तो पूरे गुजरात में हमारे सुशासन की चर्चा खुद-ब-खुद फैल जाएगी।
Author: Harikarishan Sharma

