Ghatampur News: उत्तर प्रदेश में बिजली की बढ़ती मांग के बीच एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। नेयवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अपने प्लांट की तीसरी यूनिट का कमर्शियल ऑपरेशन आधिकारिक तौर पर शुरू कर दिया है। इससे राज्य में बिजली आपूर्ति काफी बेहतर होगी।
शुक्रवार रात से शुरू हुआ 660 मेगावाट बिजली का बंपर उत्पादन
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने चार दिन पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की थी। हालांकि, उस समय प्लांट मैनेजमेंट के स्तर पर यूनिट की फाइनल टेस्टिंग की प्रक्रिया चल रही थी। यह टेस्टिंग पूरी होने के बाद शुक्रवार रात 12 बजे से 660 मेगावाट की तीसरी यूनिट चालू हो गई।
इस तीसरी यूनिट के शुरू होने से अब यह पावर प्लांट अपनी पूरी क्षमता के साथ कुल 1,980 मेगावाट बिजली पैदा कर रहा है। यह बड़ी उपलब्धि देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। कंपनी के चेयरमैन एम प्रसन्ना कुमार ने इस मौके पर सभी कर्मचारियों को बधाई दी।
एनएलसी इंडिया और उत्तर प्रदेश सरकार का है यह संयुक्त उपक्रम
इस बड़े प्रोजेक्ट को सफल बनाने में एनयूपीपीएल के सीईओ दुरई कुमार एस और मानव संसाधन प्रमुख कौशिक भार की मुख्य भूमिका रही। अब यह प्लांट देश की सबसे बड़ी ताप विद्युत परियोजनाओं की एलीट लिस्ट में शामिल हो गया है। यह प्रोजेक्ट यूपी की प्रगति को एक नई रफ्तार देने के लिए तैयार है।
यह मेगा पावर प्लांट एनएलसी इंडिया लिमिटेड की 51 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी का एक जॉइंट प्रोजेक्ट है। इसमें 660 मेगावाट क्षमता की तीन अलग-अलग यूनिट्स हैं। इसकी पहली यूनिट दिसंबर 2024 और दूसरी यूनिट दिसंबर 2025 में चालू हुई थी।
Author: Ajay Mishra


