Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के हैरान करने वाले मामले सामने आए हैं। ट्रैफिक पुलिस और आरटीओ की जांच में कुछ ऐसे वाहन चिन्हित किए गए हैं, जिनका चालान उनकी कुल कीमत से भी अधिक हो चुका है। यहां नियमों की अनदेखी से रोजाना हादसे हो रहे हैं।
स्कूटी की बाजार कीमत पचास हजार और जुर्माना एक लाख पार
शहर के रेलबाजार निवासी अजय सिंह कूरियर डिलीवरी का काम करते हैं। उन्होंने अपनी स्कूटी फरवरी 2025 में खरीदी थी। महज 161 दिनों के भीतर उनकी स्कूटी का कुल 103 बार चालान काटा गया है। इस समय उनके वाहन पर कुल 1,03,000 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना बकाया है।
अजय के मुताबिक यदि वे आज अपनी इस स्कूटी को सेकेंड हैंड बाजार में बेचने जाएं, तो उन्हें अधिकतम 40 से 50 हजार रुपये ही मिलेंगे। इसी तरह लाल बंगला के विनय गौतम की पावर बाइक का अब तक 39 बार चालान हो चुका है। उन पर कुल 77 हजार रुपये का जुर्माना लगा है।
ट्रक और रोडवेज बसों के चालान का आंकड़ा भी चौंकाने वाला
यातायात नियमों का आदतन उल्लंघन करने वालों में केवल दोपहिया वाहन ही शामिल नहीं हैं। कोयला नगर के राहत अली के भारी ट्रक का अब तक 27 बार चालान किया जा चुका है। इस ट्रक पर कुल जुर्माना राशि तीन लाख रुपये से भी अधिक पहुंच चुकी है।
इसके अलावा शहर में दौड़ने वाली सरकारी रोडवेज बसों का भी 370 से ज्यादा बार चालान हुआ है। इनमें से 39 बसें ऐसी हैं जिनका छह बार से अधिक चालान काटा गया है। स्पीड राडार की मदद से हाईवे पर इन बड़े वाहनों की ओवरस्पीडिंग पकड़ी जा रही है।
पांच सौ से अधिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की तैयारी
ट्रैफिक विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 161 दिनों में डंपरों से 57 और ट्रकों से 29 सड़क हादसे हुए हैं। विभाग ने बार-बार नियम तोड़ने वाले 500 से अधिक छोटे-बड़े वाहनों का रजिस्ट्रेशन कैंसिल करने के लिए आरटीओ को आधिकारिक पत्र भेजकर संस्तुति की है।
इसके साथ ही लगभग 200 से अधिक चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त करने की कानूनी प्रक्रिया चल रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ व्यावसायिक वाहनों के चालकों और सड़क हादसों में मुआवजा दिलाने वाले दलालों के बीच आपसी सांठगांठ की बात भी सामने आ रही है।
Author: Ajay Mishra

