Himachal Pradesh News: नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी के बीच हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। शुक्रवार को कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि हुई। इसके बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई शहरों के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
राजधानी शिमला और पर्यटन स्थल कुफरी में शाम के समय मौसम ने अचानक रुख बदला। तेज गरज और हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। कई इलाकों में ओले भी गिरे। बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलीं और लंबे समय से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत महसूस हुई।
ओलावृष्टि से फलों और फसलों को नुकसान
मंडी जिले के करसोग क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि दर्ज की गई। इससे सेब सहित गुठलीदार फलों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम में आए बदलाव का असर प्रदेश के अधिकतर शहरों पर दिखा और अधिकतम तापमान सामान्य स्तर से नीचे पहुंच गया।
दो दिन और रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग ने 30 मई के लिए लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
31 मई को भी पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का अनुमान है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि इस दिन कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
जून की शुरुआत में भी बरसेंगे बादल
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 1 और 2 जून को मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है। वहीं 3 और 4 जून को केवल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान सिरमौर जिले के नाहन में सबसे अधिक 14 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। पांवटा साहिब में 6 मिलीमीटर, धौलाकुआं में 4 मिलीमीटर तथा कुकुमसेरी, केलांग और चंबा में 2-2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आई।
बारिश के बाद लुढ़का कई शहरों का पारा
उना का अधिकतम तापमान 42 डिग्री से गिरकर 39.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शिमला में तापमान 4 डिग्री की गिरावट के साथ 25 डिग्री दर्ज हुआ। धर्मशाला का तापमान 5 डिग्री गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस रहा। नाहन और सुंदरनगर में भी तापमान में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।
मनाली का अधिकतम तापमान 4.8 डिग्री घटकर 24.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। कांगड़ा में तापमान 32.5 डिग्री और मंडी में 34.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कुफरी सबसे ठंडे पर्यटन स्थलों में शामिल रहा, जहां अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले कई दिनों से प्रदेश के मैदानी और निचले इलाकों में नौतपा का असर साफ दिखाई दे रहा था। कई क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। शिमला, मनाली और कुफरी जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में भी सामान्य से अधिक गर्मी दर्ज की जा रही थी।
Author: Sunita Gupta

