Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के तहत मार्च 2026 में आयोजित कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का परिणाम जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार 12वीं का परिणाम सबसे बेहतर रहा। छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकते हैं।
बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम 61.06 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं 10वीं का परिणाम 54.66 प्रतिशत रहा। कक्षा 12वीं में 64.57 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने बताया कि परिणाम घोषित होने के बाद छात्र अपने अंकों की जांच वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं।
री-एपीयर आवेदन की तारीखें घोषित
बोर्ड ने री-एपीयर और इम्प्रूवमेंट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू करने का ऐलान किया है। जिन छात्रों का परिणाम री-अपीयर या पास आया है, वे सितंबर 2026 सत्र के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल संबंधित एसओएस अध्ययन केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
बिना विलंब शुल्क के आवेदन 5 जून 2026 से 30 जून 2026 तक जमा किए जा सकेंगे। इसके बाद 1 जुलाई 2026 से 13 जुलाई 2026 तक 1000 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार होंगे। बोर्ड ने साफ किया है कि अंतिम तिथि के बाद आवेदन अवधि में किसी प्रकार का विस्तार नहीं किया जाएगा।
पुनर्मूल्यांकन और पुनः निरीक्षण के नियम
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के अभ्यर्थियों को पुनः निरीक्षण की सुविधा भी दी गई है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इसे अध्ययन केंद्रों के माध्यम से ही जमा करना अनिवार्य रहेगा।
पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति विषय 1000 रुपये शुल्क तय किया गया है। जबकि पुनः जांच के लिए 800 रुपये प्रति विषय फीस देनी होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जून 2026 रखी गई है। बोर्ड ने कहा कि पुनर्मूल्यांकन केवल थ्योरी भाग का होगा और इसमें एमसीक्यू आधारित प्रश्न शामिल नहीं किए जाएंगे।
डॉ. शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि पुनर्मूल्यांकन के लिए संबंधित विषय में कम से कम 20 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। बोर्ड के अनुसार सभी छात्र आवेदन से पहले दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ें। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि समय सीमा के भीतर आवेदन करने से छात्रों को आगे की प्रक्रिया में परेशानी नहीं होगी।
Author: Sunita Gupta


