IIRF रैंकिंग 2026: आईआईएम लखनऊ को तगड़ा झटका, एक पायदान खिसका नीचे; बीबीएयू और एलयू ने लहराया परचम

Lucknow News: इंडियन इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (IIRF) की ओर से जारी वर्ष 2026 की ताजा रैंकिंग में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के शिक्षण संस्थानों का मिला-जुला प्रदर्शन रहा है। देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान आईआईएम (IIM) लखनऊ को इस बार बड़ा झटका लगा है।

ताजा राष्ट्रीय रैंकिंग में आईआईएम लखनऊ अखिल भारतीय स्तर पर एक पायदान नीचे खिसक गया है। इस बार संस्थान को देशभर में पांचवीं रैंक हासिल हुई है। वहीं, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) ने केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में पिछले साल की तरह अपना 19वां स्थान मजबूती से बरकरार रखा है।

आईआईएम लखनऊ को मिले 94.74 अंक

आईआईएम लखनऊ ने शोध, प्लेसमेंट और एल्युमिनाई फीडबैक सहित विभिन्न कड़े पैरामीटर पर 1000 में से 94.74 अंक हासिल किए हैं। गौरतलब है कि साल 2025 की रैंकिंग में संस्थान को देशभर में चौथी रैंक मिली थी, लेकिन इस बार थोड़ी कमी के कारण यह पांचवें स्थान पर आ गया है।

संस्थान के निदेशक प्रो. एमपी गुप्ता ने कहा कि अखिल भारतीय स्तर पर पांचवीं रैंक पाना संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों के सामूहिक समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा, शोध और नवाचार को बढ़ावा देते हुए भविष्य के सक्षम नेतृत्व का निर्माण करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

बीबीएयू ने बरकरार रखा 19वां स्थान

केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में बीबीएयू ने 95.30 अंक पाकर देश के शीर्ष संस्थानों में अपनी धाक जमाए रखी है। कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने इस सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि यह उत्कृष्ट प्रदर्शन शिक्षा, अनुसंधान और संस्थागत विकास के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए बेहतरीन कार्यों का नतीजा है।

इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में संस्थानों का मूल्यांकन मुख्य रूप से प्लेसमेंट प्रदर्शन, शिक्षण संसाधन, शोध की गुणवत्ता और उद्योगों के साथ सहभागिता जैसे कड़े मानकों पर किया जाता है। इन सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बीबीएयू के बेहतर प्रदर्शन ने उसे यह सम्मानजनक स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।

लखनऊ विश्वविद्यालय का शानदार प्रदर्शन

लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (IMS) ने भी रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन किया है। एलयू के इस प्रबंधन विभाग को ऑल इंडिया स्तर पर 42वां स्थान मिला है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के सभी राजकीय विश्वविद्यालयों में इस विभाग ने पहला स्थान हासिल कर गौरव बढ़ाया है।

लवि के प्रबंधन विभाग ने पब्लिक रिसेप्शन मानक में 99.77 प्रतिशत और डिमांड रेशियो एंड स्टूडेंट प्रोफाइल में 98.22 अंक के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने कहा कि आने वाले वर्षों में विभाग को अंतरराष्ट्रीय सहयोग, डिजिटल शिक्षण साधनों और उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रमों से और अधिक सशक्त किया जाएगा।

Author: Ajay Mishra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories