New Delhi News: सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मंगलवार को एक अहम बैठक की। इस बैठक में चार राज्यों के हाई कोर्ट में 12 नए जजों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई है। इनमें कई न्यायिक अधिकारी और वकील शामिल हैं। इसके अलावा कुछ अतिरिक्त जजों को भी स्थायी जज के रूप में प्रमोट किया गया है।
इन राज्यों के हाई कोर्ट में हुई नियुक्ति
कॉलेजियम का यह फैसला कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के लिए लिया गया है। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता में यह बैठक हुई थी। इसमें हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के लिए चिराग भानु सिंह, भूपेश शर्मा और योगेश जसवाल के नामों पर मुहर लगाई गई है।
बैठक में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के जजों को लेकर भी अहम फैसला हुआ। यहां अतिरिक्त जज जस्टिस हरमीत सिंह ग्रेवाल और दीपेंद्र सिंह नलवा को स्थायी जज बनाया गया है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के लिए अधिवक्ता अमित लाहोटी की नियुक्ति को भी हरी झंडी मिली है।
कर्नाटक हाई कोर्ट को मिले छह नए जज
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने कर्नाटक हाई कोर्ट में छह नए जजों की नियुक्ति को स्वीकृति दी है। इनमें राघवेंद्र सीताराम श्रीवत्स, हेमा कुलकर्णी और सुब्रमण्य रंगाराव का नाम प्रमुख है। साथ ही थाडागवाड़ी प्रकाश विवेकानंद, बक्केश्वर प्रमोद और होम्बे गौड़ा शांति भूषण को भी हाई कोर्ट जज नियुक्त किया गया है।
न्यायपालिका में जजों की कमी को दूर करने के लिए यह कदम बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन नई नियुक्तियों से अदालतों में लंबित मामलों का तेजी से निपटारा हो सकेगा। कॉलेजियम की सिफारिशों को अब कानून मंत्रालय के पास अंतिम मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। वहां से अधिसूचना जारी होगी।
Adv Anuradha Rajput


