Delhi News: यदि आप रोजाना काम के लिए माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस (Microsoft Office) का इस्तेमाल करते हैं, तो आपको तुरंत सावधान होने की जरूरत है। भारत सरकार की साइबर सिक्योरिटी एजेंसी ने इसे लेकर एक बेहद गंभीर चेतावनी जारी की है। इस सॉफ्टवेयर में एक ऐसी खतरनाक खामी मिली है, जो आपको बड़ी मुसीबत में डाल सकती है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के तहत काम करने वाली एजेंसी CERT-In (भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम) ने इस सुरक्षा खामी को ‘हाई रिस्क’ यानी उच्च जोखिम वाली कैटेगरी में रखा है। इस तकनीकी कमी का फायदा उठाकर साइबर अपराधी और हैकर्स आपके कंप्यूटर या लैपटॉप का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में ले सकते हैं।
अपनी ताजा एडवाइजरी में CERT-In ने बताया कि इस सुरक्षा खामी को CVE-2026-45659 के रूप में ट्रैक किया गया है। यह समस्या माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस के कंपोनेंट्स द्वारा कुछ खास तरह के डेटा को ठीक से हैंडल न करने के कारण पैदा हुई है। इसके जरिए हैकर्स यूजर्स के डिवाइस पर आसानी से मलीशियस यानी खतरनाक कोड चला सकते हैं।
जानिए कैसे सिस्टम पर कब्जा कर सकते हैं हैकर्स
एजेंसी के मुताबिक, अविश्वसनीय डेटा के डीसीरियलाइजेशन के कारण माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस में रिमोट कोड एग्जीक्यूशन की यह भेद्यता मौजूद है। कोई भी बाहरी हमलावर नेटवर्क के जरिए एक कमजोर सिस्टम को विशेष रूप से तैयार किया गया डेटा भेजकर इस कमजोरी का फायदा उठा सकता है। यह प्रक्रिया पूरी तरह बैकग्राउंड में हो सकती है।
अगर हैकर्स का यह हमला कामयाब हो जाता है, तो वे आपके सिस्टम में मौजूद बेहद संवेदनशील और पर्सनल जानकारी तक अपनी पहुंच बना सकते हैं। इसके बाद वे आपका जरूरी डेटा चुरा सकते हैं, उसमें बिना इजाजत बदलाव कर सकते हैं या फिर आपके पूरे कंप्यूटर सिस्टम को पूरी तरह ब्लॉक करके उस पर अपना कब्जा जमा सकते हैं।
यह चेतावनी इसलिए भी बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्टिविटी सॉफ्टवेयर सूट्स में से एक है। देश और दुनिया के लगभग सभी छोटे-बड़े बिजनेस, सरकारी और निजी ऑर्गेनाइजेशन्स और आम यूजर्स हर दिन डॉक्यूमेंट्स, स्प्रेडशीट और प्रेजेंटेशन बनाने के लिए इसी सॉफ्टवेयर पर निर्भर रहते हैं।
सुरक्षित रहने के लिए तुरंत करें यह जरूरी काम
भारत सरकार की साइबर सिक्योरिटी एजेंसी CERT-In ने इस बड़े खतरे से बचने और खुद को पूरी तरह सेफ रखने का सटीक तरीका भी बताया है। एजेंसी ने सभी व्यक्तिगत यूजर्स और व्यावसायिक ऑर्गेनाइजेशन्स को सलाह दी है कि वे तुरंत माइक्रोसॉफ्ट द्वारा जारी किए गए लेटेस्ट सिक्योरिटी पैच और अपडेट्स को अपने सिस्टम में इंस्टॉल करें।
इन नए अपडेट्स को तुरंत अप्लाई करने से आपका सिस्टम CVE-2026-45659 सुरक्षा खामी से सुरक्षित हो जाएगा। भविष्य में होने वाले किसी भी संभावित साइबर हमले और सिक्योरिटी जोखिमों को कम करने के लिए अपने माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेटेड रखना ही एकमात्र उपाय है। लापरवाही बरतने पर बड़ा वित्तीय या डेटा का नुकसान हो सकता है।
Author: Mohit


