वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का राहुल गांधी पर करारा प्रहार, देश की अर्थव्यवस्था को लेकर कही ये बड़ी बात

Bengaluru News: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। बेंगलुरु में ‘विकसित भारत संकल्प समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केंद्र सरकार पर निशाना साधने की होड़ में भारत की उपलब्धियों को कमतर आंकने का काम कर रहे हैं।

राहुल गांधी के दावों को वित्त मंत्री ने नकारा

वित्त मंत्री ने राहुल गांधी के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने देश में आर्थिक संकट आने की बात कही थी। सीतारमण ने स्पष्ट किया कि भारत की अर्थव्यवस्था बिल्कुल सुरक्षित है। सच्चाई यह है कि भारत तिमाही दर तिमाही सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है।

वित्त मंत्री ने कहा कि यह सिर्फ सरकार का दावा नहीं है, बल्कि जीडीपी के आंकड़े और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) भी इस बात की पुष्टि करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी की लगातार नकारात्मक आलोचना से देश के नागरिकों में आर्थिक स्थिति को लेकर गलत धारणा बन सकती है जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की मजबूत स्थिति

पश्चिम एशिया के संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य में चल रहे तनाव पर चर्चा करते हुए सीतारमण ने कहा कि इन वैश्विक परिस्थितियों का असर कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों पर पड़ा है। इन कठिन चुनौतियों के बावजूद मोदी सरकार ने देश में जरूरी सामानों की आपूर्ति को निर्बाध रूप से जारी रखा है।

रुपये और डॉलर के बीच जारी उतार-चढ़ाव पर वित्त मंत्री ने कहा कि यह पूरी तरह से वैश्विक कारकों और सोने-तेल के आयात पर निर्भर है। आरबीआइ केवल अत्यधिक अस्थिरता को रोकने के लिए हस्तक्षेप करता है। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बेंगलुरु में ‘स्वच्छ भारत’ अभियान में भी हिस्सा लिया और वृक्षारोपण किया।

Author: Harikarishan Sharma

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories