Uttar Pradesh News: यमुनापार के औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत मनैया घाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दिल दहला देने वाला बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाते समय दो सगे भाइयों समेत तीन किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए। इस हादसे में दोनों सगे भाइयों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
नाविकों ने दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाला
मुंगारी सल्दी का पूरा गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव के बेटे राजन (16) और अभिषेक (14) अपने रिश्तेदारों के साथ सुबह करीब 9:30 बजे मनैया घाट गए थे। पानी गहरा होने के कारण तीनों डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए पंकज यादव भी नदी में कूद गया, लेकिन वह भी तेज लहरों में फंस गया।
घाट पर मौजूद स्थानीय नाविकों ने शोर सुनकर तुरंत मुस्तैदी दिखाई और नदी में छलांग लगा दी। नाविकों ने कड़ी मशक्कत के बाद सनी और पंकज को तो सकुशल बाहर निकाल लिया। मगर अफसोस, वे दोनों सगे भाइयों राजन और अभिषेक को डूबने से नहीं बचा सके।
अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम गोताखोरों के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद गोताखोरों ने दोनों भाइयों के शवों को ढूंढ निकाला। पुलिस दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करछना ले गई, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटों की मौत की खबर सुनते ही मां ममता देवी अस्पताल परिसर में ही बार-बार अचेत हो गईं। गांव की अन्य महिलाएं उन्हें ढांढस बंधाने में जुटी हैं। परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से साफ मना कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर लाशें उनके सुपुर्द कर दीं।
Author: Raj Thakur

