Akhilesh Yadav News: टाइम्स नाउ समिट 2026 में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने देश के ज्वलंत मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने चुनाव आयोग पर भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। इंडिया गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि गठबंधन काफी मजबूत है। इस दौरान अखिलेश यादव ने यह भी बताया कि वह अभी तक राम मंदिर क्यों नहीं गए हैं और कब जाएंगे।
ममता बनर्जी की जमकर तारीफ
अखिलेश यादव नेचुनाव आयोग को घेरते हुए ममता बनर्जी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी भाजपा का मुकाबला कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग और केंद्रीय बलों का इस्तेमाल कर उन्हें परेशान किया। यही नहीं, चुनाव से पहले चुनाव आयोग से मिलकर अधिकारियों को हटाया गया। उन्होंने सवाल किया कि उत्तर प्रदेश में 2022 के चुनाव में कोई डीजीपी, चीफ सेक्रेटरी, डीएम या एसपी क्यों नहीं हटाया गया, जबकि पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में अधिकारी हटाए गए।
चुनाव आयोग पर बरसे अखिलेश यादव
अखिलेश यादव नेचुनाव आयोग द्वारा कराए जा रहे विशेष संशोधन अभियान (एसआईआर) पर निशाना साधते हुए कहा कि यह एसआईआर नहीं, बल्कि एनआरसी था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मुखौटा लगाकर एनआरसी कराया जा रहा था। उत्तर प्रदेश में मुस्लिम भाइयों के साथ-साथ हिंदू भाइयों के भी कागज चेक कराए गए। उन्होंने दावा किया कि उनके पास डॉक्यूमेंटेड प्रूफ है। नंदलाल निषाद का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के अंगूठे लगते हैं, उससे फर्जी दस्तखत कराकर भाजपा ने समाजवादी पार्टी के वोट काटे, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कब राम मंदिर जाएंगे अखिलेश यादव?
राम मंदिर जानेके सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने पहले स्पष्ट किया था कि जब भगवान शिव का मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा, तब वह राम मंदिर के दर्शन करने जाएंगे। उनके पैतृक गांव सैफई में केदारेश्वर महादेव धाम नाम से भगवान शिव का मंदिर बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने स्थानीय पुजारियों को परेशान किया, क्योंकि वे उनके खिलाफ और शिव मंदिर के निर्माण के खिलाफ बोलने को तैयार नहीं थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या में भाजपा की हार पर उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी ने श्रद्धालुओं के साथ धोखा किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 10 साल सत्ता से बाहर रहने के बाद भी अयोध्या हारने पर भाजपा को उनसे ज्यादा दर्द हुआ है।

