Delhi Weather: देश में सुस्त पड़ा मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 4 से 6 दिनों के भीतर मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में तेजी से आगे बढ़ेगा।
मानसून के एक्टिव होने से देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर शुरू होने के पूरे आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, असम और मेघालय में अगले 24 घंटों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पंजाब, हरियाणा और यूपी में धूल भरी आंधी का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की यह नई सक्रियता किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आ सकती है। हालांकि, जिन इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, वहां के स्थानीय प्रशासन को जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों से निपटने के लिए अलर्ट पर रहने को कहा गया है।
देश के ऊपर एक साथ एक्टिव हुईं कई मौसम प्रणालियां
देशभर में हो रही इस व्यापक बारिश के पीछे एक साथ कई वेदर सिस्टम काम कर रहे हैं। इस समय समुद्र तल पर मानसून की ट्रफ लाइन पंजाब से लेकर हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल तक जा रही है। इससे मैदानी इलाकों में नमी बढ़ रही है।
इसके साथ ही, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) उत्तर भारत के पहाड़ों पर बना हुआ है। वहीं, मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर असम और महाराष्ट्र के तटीय अरब सागर के ऊपर अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) एक्टिव हैं, जो मानसून की हवाओं को लगातार मजबूत कर रहे हैं।
अगले 24 घंटों में इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
आने वाले 24 घंटों में सिक्किम, असम, मेघालय, केरल और तटीय कर्नाटक में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इसके अलावा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, दक्षिण गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बादलों की आवाजाही के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की उम्मीद है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

