सोलापुर सड़क हादसा: कुएं में गिरी श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी, 8 की मौत, सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान

Solapur News: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। पंढरपुर तालुका के तांदुलवाडी गांव में श्रद्धालुओं से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कुएं में जा गिरा। इस हृदयविदारक घटना में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए अन्य सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

- Advertisement -

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में महिला और बच्चों समेत कुल 16 श्रद्धालु सवार थे। वे दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। इस घटना ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और राहत कार्य संपन्न किया।

प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि सोलापुर में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं और घायलों के बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना की है।

- Advertisement -

राज्य सरकार की ओर से बड़ी सहायता

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए राज्य सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने घटना के बाद ट्वीट कर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक की इस घड़ी में सरकार को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा बताया।

यह हादसा तीर्थयात्रियों की सुरक्षा पर एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन कुएं के पास सुरक्षा उपायों और हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रहा है। प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल छाया हुआ है।

Author: Sachin Kulkarni

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles