Faridabad News: सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अनंगपुर गांव स्थित अरावली के संरक्षित वन क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बुधवार को अवैध निर्माण रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान अधिकारियों के साथ न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई।
अरावली के अधिसूचित वन क्षेत्र में चल रहा था अवैध निर्माण
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग के अधिकारियों को जान से मारने की धमकी भी दी गई है। इस गंभीर घटना के बाद सूरजकुंड थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, बुधवार को वन दरोगा राजेश और सुरेंद्रपाल अपनी नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान वे अनंगपुर के डोमका मोहल्ला क्षेत्र में पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन करके अधिसूचित वन क्षेत्र में अवैध रूप से टिन शेड का निर्माण कराया जा रहा था।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देने पर भड़के आरोपी
मौके पर मौजूद वन विभाग के अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेशों का हवाला देते हुए निर्माण कार्य को तुरंत रुकवा दिया। इसी बीच निर्माण स्थल पर मौजूद युवक के पिता गजराज भी वहां पहुंच गए। उन्होंने सरकारी अधिकारियों के साथ तीखी बहस शुरू कर दी और काम न रोकने की जिद पर अड़ गए।
बहस देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने कानून को ताक पर रखकर दोनों वन दरोगाओं के साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि सरकारी काम में बाधा डालने और लोक सेवकों पर हमला करने के आरोप में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

