Delhi News: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सुरक्षित और पारदर्शी संचालन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। एनटीए के मुताबिक यह परीक्षा देश के 551 शहरों में स्थित 5,440 केंद्रों और विदेशों के 14 केंद्रों पर एक साथ आयोजित की जा रही है।
यह महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा अंग्रेजी समेत कुल 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष बनाने के लिए 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्ष तैयार किये गये हैं। इन सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
सुरक्षा के लिहाज से कुल 1.38 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए होने वाली किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर 51,311 आधुनिक जैमर तैनात किये गये हैं।
बड़े पैमाने पर सुरक्षा और फ्रिस्किंग स्टाफ तैनात
एनटीए ने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए बड़े पैमाने पर मानव संसाधन की तैनाती की है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो निरीक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही केंद्रों पर किसी भी फर्जीवाड़े को रोकने के लिए 38,795 फ्रिस्किंग स्टाफ और 48,448 बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मी तैनात किए गए हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर सेंटर सिस्टम ऑफिसर (सीएसओ) भी नियुक्त किये गये हैं, जो तकनीकी व्यवस्थाओं की पूरी निगरानी करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए करीब 6,700 ऑब्जर्वर और 100 से अधिक वर्चुअल ऑब्जर्वर भी लाइव मॉनिटरिंग के काम में लगाए गए हैं।
इस बार सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण अत्याधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित तकनीकों से किया जा रहा है, जो किसी भी संदिग्ध हरकत को तुरंत पकड़ लेगी। राज्य सरकारों, पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों और भारतीय वायु सेना के सहयोग से परीक्षा सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
सोशल मीडिया की अफवाहों से रहें सावधान
एनटीए ने परीक्षा से ठीक पहले देशव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित कर सभी तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन जांच भी की थी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों पर पीने का पानी, ओआरएस, एम्बुलेंस और अभिभावकों के बैठने के लिए विशेष छायादार प्रतीक्षालय जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
परीक्षा एजेंसी ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों और कथित पेपर लीक संबंधी झूठे दावों से पूरी तरह सावधान रहने की अपील की है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि अभ्यर्थी किसी भी भ्रामक खबर पर भरोसा न करें और केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं को ही सही मानें।
Author: Gaurav Malhotra

