ललितपुर में खौफनाक वारदात: पैर दबाने से मना करने पर दलित युवक की बेरहमी से हत्या, शव सड़क पर फेंका!

- Advertisement -

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक मामला सामने आया है। यहां शराब पीने के दौरान पैर की मालिश करने से इनकार करने पर तीन दबंगों ने मिलकर एक 33 वर्षीय दलित युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी।

ललितपुर के अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि पुलिस को रविवार सुबह सूचना मिली थी कि वर्नी जैन कॉलेज के पीछे एक युवक अचेत पड़ा है। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजकुमार उर्फ छन्नू के रूप में हुई है।

- Advertisement -

दुर्घटना दिखाने की थी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि शनिवार रात राजकुमार सिविल लाइंस इलाके में सम्यक राजनायक उर्फ राही जैन के घर पर हो रही एक शराब पार्टी में शामिल हुआ था। इस पार्टी में सम्यक के साथ गजेंद्र नरवरिया और गौरव रैकवार नाम के दो अन्य आरोपी भी मौजूद थे।

शराब के नशे में धुत तीनों आरोपियों ने राजकुमार पर पैर दबाने का दबाव बनाया। जब राजकुमार ने पैर मालिश करने से साफ मना कर दिया, तो तीनों आरोपी गुस्से से लाल हो गए। इसके बाद उन्होंने बेल्ट और लोहे की रॉड से राजकुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

गंभीर चोटें लगने के कारण राजकुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शातिर दिमाग लगाते हुए घटना को एक सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की। उन्होंने देर रात ही राजकुमार के शव को ले जाकर सड़क पर फेंक दिया था।

मृतक युवक की मां की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना खौफनाक जुर्म पूरी तरह स्वीकार कर लिया है।

Author: Ajay Mishra

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles