Sonipat News: सोनीपत के रोहणा गांव के पास नेशनल हाईवे 334बी पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां दो ट्रकों के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ट्रक चालक की केबिन में फंसने के कारण जिंदा जलकर मौत हो गई।
टक्कर के बाद आग का गोला बने दोनों ट्रक
मिली जानकारी के मुताबिक, धूल (डस्ट) से भरे एक ट्रक ने आगे चल रहे रोड़ी से भरे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों में तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पीछे वाले ट्रक का चालक केबिन से बाहर नहीं निकल सका।
घटना की सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रकों में लगी आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने केबिन से चालक के शव को बाहर निकाला और उसे अपने कब्जे में लिया।
रोहतक के रहने वाले मृतक चालक की हुई पहचान
पुलिस ने मृतक चालक की पहचान रोहतक जिले के आसन गांव निवासी 37 वर्षीय मंगल सेन के रूप में की है। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी नागरिक अस्पताल भेज दिया है। खरखौदा थाना पुलिस इस सड़क हादसे के असली कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि नेशनल हाईवे पर दो ट्रकों की टक्कर के बाद आग लगने की सूचना मिली थी। इस हादसे में पीछे वाले ट्रक के चालक की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस प्रशासन इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में ला रहा है।

